एनर्जी, इम्युनिटी और ग्लोइंग स्किन का सीक्रेट हैं ये विटामिन्स, जानिए स्त्रोत
हम अक्सर जल्दी-जल्दी कुछ भी खा लेते हैं, लेकिन ये नहीं सोचते कि उसमें हमारे शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व हैं या नहीं.
आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अक्सर जल्दी-जल्दी कुछ भी खा लेते हैं, लेकिन ये नहीं सोचते कि उसमें हमारे शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व हैं या नहीं. सही विटामिन्स अगर आपके शरीर को मिल रहे हैं, तो आप ना सिर्फ अंदर से हेल्दी महसूस करेंगे बल्कि बाहर से भी ग्लो करते नजर आएंगे. दिक्कत ये है कि हममें से ज्यादातर लोग ये जानते ही नहीं कि कौन सा विटामिन किस काम आता है और वो मिलता कहां से है.
इन चीजों का करें सेवन
विटामिन ए आपकी आंखों और स्किन के लिए बहुत जरूरी होता है. अगर आप चाहते हैं कि आपकी स्किन साफ और चमकदार दिखे, तो गाजर, शकरकंद जैसी चीजें जरूर खाएं. इसके बाद आता है विटामिन बी कॉम्प्लेक्स, जिसमें कई तरह के विटामिन शामिल होते हैं जैसे बी1, बी2, बी3, बी6, बी12. ये सभी मिलकर आपके शरीर को एनर्जी देने का काम करते हैं. साबुत अनाज, अंडा, चिकन, केला और मछली में ये भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं.
इम्युनिटी को मजबूत बनाने के लिए क्या करें
विटामिन सी आपकी इम्युनिटी को मजबूत बनाने में सबसे ज्यादा मदद करता है. संतरा, नींबू, आंवला जैसी चीजों को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें. ये ना सिर्फ आपको बीमारियों से बचाते हैं बल्कि आपकी स्किन को भी ग्लोइंग बनाते हैं. विटामिन डी भी उतना ही जरूरी है, खासकर आपकी हड्डियों के लिए। सुबह की धूप इसका सबसे अच्छा सोर्स है. इसके अलावा कुछ फूड्स जैसे फैटी फिश में भी ये मिलता है. अगर शरीर में विटामिन डी की कमी हो जाए, तो कमजोरी और थकान महसूस होने लगती है.
विटामिन ई के लिए इन चीजों का करें सेवन
विटामिन ई आपकी स्किन और बालों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. बादाम, अखरोट और दूसरे नट्स में ये पाया जाता है. ये आपकी स्किन को नरम और हेल्दी बनाए रखता है. वहीं विटामिन के खून के थक्के बनने में मदद करता है और ये हरी पत्तेदार सब्जियों जैसे पालक और केले में मिलता है. इसके अलावा फोलेट (बी9) और बायोटिन (बी7) भी बहुत जरूरी होते हैं. फोलेट नई सेल्स बनाने में मदद करता है और बायोटिन आपके बालों व नाखूनों को मजबूत बनाता है.
ये आपको पालक, बीन्स और नट्स जैसी चीजों से आसानी से मिल जाते हैं. इसके साथ ही आपको अपनी डाइट में वैरायटी रखनी चाहिए। सिर्फ एक ही तरह का खाना खाने से काम नहीं चलेगा. जितना रंग-बिरंगा और नेचुरल खाना होगा, उतना ही ज्यादा आपको अलग-अलग विटामिन्स मिलेंगे.
input IANS