गावी का दावा: HPV वैक्सीन से 14 लाख लड़कियाँ सर्वाइकल कैंसर से बचीं

Update: 2025-11-19 05:30 GMT

दुनिया भर में चलाए गए HPV वैक्सीनेशन अभियान ने सिर्फ तीन साल में 14 लाख भविष्य की सर्वाइकल कैंसर मौतों को रोक दिया है, यह जानकारी वैक्सीन एलायंस गावी (Gavi) ने दी है।

गावी एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है जो गरीब और कम-आय वाले देशों को जीवनरक्षक वैक्सीन सस्ती कीमतों पर उपलब्ध कराती है। वित्तीय मदद, टेक्नोलॉजी और वैक्सीन खरीद की सुविधा देकर यह सुनिश्चित करती है कि गरीब देश भी बड़े देशों की तरह बच्चों और किशोरियों को टीका लगा सकें।

गावी ने बताया कि उसके मिशन और करीब 50 गरीब देशों के साथ मिलकर किए प्रयासों से अब तक 8.6 करोड़ लड़कियों को HPV वायरस से सुरक्षा मिली है — जो सर्वाइकल कैंसर का सबसे बड़ा कारण है।

गरीब देशों में इसका सबसे बड़ा असर

HPV से होने वाला सर्वाइकल कैंसर उन देशों में सबसे अधिक घातक साबित होता है जहाँ जांच और इलाज की सुविधाएँ कमजोर हैं। गावी के अनुसार, 2022 में हुई 3.5 लाख सर्वाइकल कैंसर मौतों में से 90% कम-आय वाले देशों में हुईं। गावी की CEO सानिया निष्ठार ने कहा कि देशों, संगठनों और स्वास्थ्य-कर्मियों की “अद्भुत प्रतिबद्धता” की वजह से यह लक्ष्य हासिल हो सका।

अफ्रीका में टीकाकरण दर में बड़ी बढ़ोतरी

अफ्रीका में HPV वैक्सीन की कवरेज 2014 के 4% से बढ़कर 2024 में 44% हो गई — जो यूरोप की 38% कवरेज से भी ज्यादा है। यह प्रगति इसलिए भी संभव हुई क्योंकि गावी ने बड़े पैमाने पर वैक्सीन खरीद कर कीमतों को काफी कम कराया। अब गावी-समर्थित देशों में HPV वैक्सीन की कीमत $2.90 से $5.18 प्रति डोज है, जबकि अमीर देशों में यही वैक्सीन $100 या उससे अधिक में मिलती है।

महिलाओं की जान बचाने की बड़ी पहल

दुनिया में हर दो मिनट में एक महिला सर्वाइकल कैंसर से मरती है। ऐसे में यह अभियान वैश्विक स्वास्थ्य के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने 2022 में एक बड़ी सिफारिश की — अब HPV की एक ही डोज पर्याप्त मानी जाती है। इससे मौजूदा वैक्सीन स्टॉक से दोगुनी लड़कियों को टीका लगाया जा सकेगा।

“यह संयुक्त प्रयास दुनिया को सर्वाइकल कैंसर खत्म करने के लक्ष्य के करीब ले जा रहा है,” निष्ठार ने कहा।

Tags:    

Similar News