होली के रंग बालों को न बना दें बेजान, पहले से करें सही देखभाल

होली के रंगों से बालों को रूखा और बेजान होने से बचाने के लिए पहले से सही हेयर केयर करना बेहद जरूरी है।

Update: 2026-03-02 05:00 GMT

नई दिल्ली: होली का त्योहार खुशियों, उत्साह और रंगों से भरा होता है, लेकिन यह उत्सव बालों की सेहत के लिए कई बार परेशानी का कारण भी बन जाता है। रंगों से खेलने के दौरान बाल और स्कैल्प सीधे केमिकल युक्त गुलाल और रंगों के संपर्क में आ जाते हैं, जिससे बालों की प्राकृतिक नमी खत्म होने लगती है। इसका असर यह होता है कि बाल रूखे, बेजान और कमजोर हो जाते हैं, साथ ही टूटने और झड़ने की समस्या भी बढ़ सकती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, बालों की बाहरी परत यानी क्यूटिकल काफी संवेदनशील होती है। जब केमिकल रंग इस पर चिपक जाते हैं, तो बालों की संरचना प्रभावित होती है और उनमें मौजूद प्राकृतिक तेल कम होने लगता है। ऐसे में होली खेलने से पहले बालों की सही देखभाल करना बेहद जरूरी हो जाता है। यदि बालों पर पहले से तेल की एक सुरक्षा परत मौजूद हो, तो रंग सीधे बालों के अंदर प्रवेश नहीं कर पाते और नुकसान काफी हद तक कम हो जाता है।

होली से एक रात पहले या रंग खेलने से कुछ घंटे पहले बालों में नारियल तेल, सरसों का तेल या बादाम का तेल अच्छी तरह लगाना फायदेमंद माना जाता है। तेल बालों को पोषण देने के साथ-साथ स्कैल्प को भी सुरक्षित रखता है और बाद में रंग हटाने की प्रक्रिया को आसान बनाता है।

इसके अलावा, होली खेलते समय बालों को खुला छोड़ने से बचना चाहिए। खुले बालों में रंग अधिक मात्रा में जम जाते हैं और उलझने की संभावना भी बढ़ जाती है, जिससे बाल टूट सकते हैं। बेहतर होगा कि बालों की चोटी, जूड़ा या पोनीटेल बना ली जाए, ताकि रंगों का सीधा असर कम हो।

रंग खेलने के तुरंत बाद बालों को जोर से धोने की बजाय पहले उनमें थोड़ा तेल लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें। इससे बालों में जमा रंग ढीला पड़ जाता है और आसानी से निकल जाता है। इसके बाद किसी माइल्ड शैम्पू से बाल साफ करें। बार-बार या कठोर तरीके से बाल धोने से वे और अधिक रूखे हो सकते हैं, इसलिए कोमल देखभाल जरूरी है।

बाल धोने के बाद कंडीशनर या हेयर मास्क का उपयोग करना न भूलें, क्योंकि यह बालों की खोई नमी वापस लाने में मदद करता है। साथ ही, होली के बाद कुछ दिनों तक हेयर ड्रायर, स्ट्रेटनर या कर्लर जैसे गर्म उपकरणों से दूरी बनाए रखना चाहिए, ताकि पहले से कमजोर हो चुके बालों को अतिरिक्त नुकसान से बचाया जा सके। उचित देखभाल से आप होली के रंगों का आनंद भी ले सकते हैं और बालों की सेहत भी बनाए रख सकते हैं। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News