झड़ते और रूखे बालों के लिए वरदान है चावल का पानी, रूखेपन से मिलेगा छुटकारा
झड़ते और रूखे बालों की देखभाल के लिए चावल का पानी कारगर उपाय है।
नई दिल्ली: आजकल केमिकल आधारित उत्पाद बालों की समस्याओं को बढ़ा रहे हैं, जिससे लोग फिर से प्राकृतिक और घरेलू उपायों की ओर लौट रहे हैं। ऐसे ही एक सरल और प्रभावी उपाय है – चावल का पानी, जिसे अक्सर खाना बनाते या धोते समय फेंक दिया जाता है। आयुर्वेद और आधुनिक विज्ञान दोनों इसे बालों के लिए बेहद लाभकारी मानते हैं।
चावल के पानी में मौजूद पोषक तत्व बालों को अंदर से ताकत देते हैं और धीरे-धीरे उनकी सेहत सुधारते हैं। आयुर्वेद के अनुसार, यह पानी सिर की त्वचा को ठंडक पहुंचाता है, जलन कम करता है और बालों की जड़ों को मजबूत बनाता है। वहीं, विज्ञान यह बताता है कि इसमें अमीनो एसिड, विटामिन बी, विटामिन ई और प्राकृतिक एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं, जो बालों के टूटने को रोकते हैं, नमी बनाए रखते हैं और बालों को मजबूती देते हैं।
चावल का पानी बालों पर प्राकृतिक क्लींजर की तरह काम करता है। इसे बालों पर लगाने से जमा गंदगी साफ होती है और रूखापन कम होता है। नियमित इस्तेमाल से बालों में धीरे-धीरे मजबूती और चमक आने लगती है। इसके अलावा, सिर की मालिश के लिए इसका उपयोग रक्त संचार को बढ़ाता है और बालों की जड़ों तक पोषण पहुंचाता है। आयुर्वेद में इसे वात और पित्त संतुलित करने वाला उपाय भी माना जाता है, जिससे बालों का झड़ना कम होता है।
चावल का पानी बालों की जड़ों को गहराई से पोषण देता है और उन्हें नमी बनाए रखता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व बालों की संरचना मजबूत बनाते हैं, जिससे बाल जल्दी टूटते नहीं और लंबे समय तक स्वस्थ रहते हैं। बालों को मुलायम और कंघी करने में आसान बनाने के लिए भी यह बेहद प्रभावकारी है। शैंपू के बाद बाल उलझते हैं, लेकिन चावल के पानी से धोने पर बालों की सतह स्मूद हो जाती है और उनकी प्राकृतिक चिकनाहट बनी रहती है।
इस तरह, चावल का पानी बालों को मजबूती, नमी, और चमक देने के साथ-साथ टूटने और रूखापन से भी बचाता है, और इसे नियमित रूप से इस्तेमाल करना बालों के लिए बेहद लाभकारी साबित होता है। (With inputs from IANS)