दातुन: ओरल हेल्थ का देसी सुपरहीरो, दांतों से लेकर पूरे शरीर तक देता है फायदे
दातुन न सिर्फ दांतों और मसूड़ों को मजबूत बनाती है, बल्कि पूरे शरीर के स्वास्थ्य को भी बेहतर रखने में मदद करती है।
दातुन: सिर्फ दांतों के लिए नहीं, पूरे शरीर की सेहत के लिए भी देसी समाधान।
नई दिल्ली: दांतों को मजबूत रखने के लिए दातुन का उपयोग सदियों से किया जाता रहा है। हमारे बुजुर्गों की मजबूत दंत सेहत के पीछे भी दातुन अहम वजह रही है। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि दातुन सिर्फ दांतों और मसूड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर आंखों की सेहत और पूरे शरीर पर भी पड़ता है।
आयुर्वेद में दातुन को मुख की रक्षा करने वाला प्राकृतिक साधन माना गया है, जो पाचन तंत्र से लेकर आंखों तक के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है।
आयुर्वेद के अनुसार, दातुन को टूथपेस्ट से अधिक उपयोगी माना गया है। जहां टूथपेस्ट में मौजूद रासायनिक तत्व दांतों के साथ-साथ शरीर पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं, वहीं दातुन कफ दोष को संतुलित कर दांतों की सफाई के साथ पूरे शरीर की देखभाल करती है। आइए जानते हैं दातुन के प्रमुख लाभ।
सुबह के समय दातुन चबाने से इसके कसैले तत्व लार में घुल जाते हैं, जो पेट तक पहुंचकर पाचन अग्नि को सक्रिय करते हैं। इससे कब्ज, एसिडिटी जैसी पेट संबंधी समस्याओं में राहत मिलती है और भोजन का पाचन बेहतर होता है।
दातुन का संबंध आंखों की रोशनी से भी जुड़ा माना जाता है। दांतों की नसें मस्तिष्क और आंखों से जुड़ी होती हैं। दातुन चबाने से इन नसों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है, जिससे आंखों की कार्यक्षमता और दृष्टि में सुधार हो सकता है।
ओरल हेल्थ के लिहाज से दातुन बेहद फायदेमंद है। मसूड़ों से खून आना, दर्द, पायरिया या दांतों की कमजोरी जैसी समस्याओं में दातुन प्राकृतिक औषधि की तरह काम करती है। यह मसूड़ों को मजबूत बनाती है और दांतों को जड़ों से सहारा देती है।
इसके अलावा, दातुन जीभ की सफाई में भी सहायक होती है। आयुर्वेद में दातुन के बाद जीभ को लकड़ी से साफ करने की परंपरा है, जिससे जीभ पर जमी सफेद परत हटती है। यह परत टॉक्सिन से बनी होती है, जो मुंह की दुर्गंध और कई बीमारियों का कारण बन सकती है।
जहां तक सही दातुन चुनने की बात है, नीम, बबूल, अपामार्ग, बरगद, खैर और अर्जुन के पेड़ों की दातुन का उपयोग किया जा सकता है। ये सभी औषधीय गुणों से भरपूर होती हैं और स्वास्थ्य के लिए लाभकारी मानी जाती हैं। (With inputs from IANS)