गर्भावस्था में पेट की जलन से परेशान? जानें इसके पीछे की वजह
गर्भावस्था में हार्मोनल बदलाव और पाचन प्रक्रिया धीमी होने के कारण पेट में जलन की समस्या बढ़ सकती है।
नई दिल्ली: गर्भावस्था के दौरान पेट में अधिक एसिड बनने यानी हाइपरएसिडिटी की समस्या काफी सामान्य है और लगभग हर दूसरी महिला इससे प्रभावित होती है। इसके लक्षणों में पेट या गले में जलन, खट्टी डकार, मुंह में लंबे समय तक खट्टा स्वाद रहना, जी मिचलाना या उल्टी जैसा महसूस होना शामिल है।
कई बार सीने में होने वाली जलन गले तक पहुंचती हुई महसूस होती है।ऐसा इसलिए होता है क्योंकि प्रेग्नेंसी में हार्मोनल बदलाव होते हैं, जिससे पाचन प्रक्रिया धीमी हो जाती है और पेट का एसिड ऊपर की तरफ आने लगता है। जैसे-जैसे गर्भ बढ़ता है, पेट पर दबाव भी बढ़ता है, जिससे यह समस्या और ज्यादा महसूस हो सकती है।
ऐसी स्थिति में सबसे जरूरी है अपनी दिनचर्या और खानपान पर ध्यान देना। कोशिश करें कि समय पर खाना खाएं और ज्यादा देर तक भूखे न रहें, क्योंकि खाली पेट रहने से एसिडिटी और बढ़ जाती है। हल्का और आसानी से पचने वाला खाना जैसे दलिया, खिचड़ी, उबली सब्जियां आदि लेना बेहतर रहता है।
ठंडक देने वाली चीजें जैसे नारियल पानी, छाछ और सादा खाना काफी राहत देते हैं। दिन भर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है। इससे पाचन सही रहता है और एसिडिटी कम होती है। साथ ही, अच्छी नींद लेना भी बहुत जरूरी है, क्योंकि नींद पूरी न होने से भी शरीर की पाचन क्रिया प्रभावित होती है।
कुछ आदतों से बचना भी उतना ही जरूरी है। जैसे खाना खाने के तुरंत बाद लेटने से बचें, क्योंकि इससे एसिड ऊपर की तरफ आने लगता है। खाने के बाद थोड़ा टहलना फायदेमंद रहता है। सोते समय बाईं करवट (लेफ्ट साइड) लेटना बेहतर माना जाता है, क्योंकि इससे पाचन में मदद मिलती है और एसिडिटी कम होती है। ज्यादा तेल, मसालेदार, खट्टा, नमकीन और पैकेज्ड या प्रिजर्व्ड फूड से दूरी बनाकर रखें, क्योंकि ये चीजें एसिडिटी को बढ़ा सकती हैं।
कुछ आसान घरेलू उपाय भी इस समस्या में राहत दे सकते हैं, जैसे लौंग, आंवला और थोड़ा सा चीनी मिलाकर पानी में रात भर भिगो दें और सुबह उसे छानकर थोड़ा-थोड़ा पीएं, इससे पेट की जलन में आराम मिलता है। इसी तरह अजवाइन (या सौंफ जैसे बीज) का पाउडर चीनी के साथ पानी में मिलाकर लेने से भी फायदा हो सकता है।
हालांकि, अगर लक्षण बहुत ज्यादा बढ़ जाएं या कुछ गंभीर संकेत दिखें जैसे पेट के ऊपरी हिस्से में तेज दर्द, भूख लगने पर ज्यादा दर्द होना, खून की उल्टी आना या काले रंग का मल होना, तो इसे हल्के में न लें। ऐसे में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है, क्योंकि यह किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। (With inputs from IANS)