14 महीने के बच्चे ने निगला मेटल स्प्रिंग, एम्स डॉक्टरों ने सुरक्षित निकाला

एम्स के डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर 14 महीने की बच्ची की जान बचाई, जिसने गलती से दो इंच लंबा धातु का स्प्रिंग निगल लिया था।

Update: 2026-02-06 09:15 GMT

नई दिल्ली: ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (एम्स), दिल्ली के डॉक्टरों ने समय पर इलाज और आधुनिक तकनीक की मदद से 14 महीने की एक बच्ची की जान बचा ली। बच्ची ने गलती से करीब दो इंच लंबा धातु का स्प्रिंग निगल लिया था, जो उसकी खाद्य नली में फंस गया था और गंभीर खतरा बन गया था।

एम्स की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यह धातु का स्प्रिंग बच्ची की ऊपरी खाद्य नली में अटका हुआ था। डॉक्टरों ने एंडोस्कोपिक सर्जरी के जरिए इसे सुरक्षित रूप से बाहर निकालने में सफलता हासिल की। बच्ची हरियाणा के यमुनानगर की रहने वाली है। उसे लगातार उल्टियां हो रही थीं और वह दो दिनों से कुछ भी खा-पी नहीं पा रही थी, जिसके बाद उसे अस्पताल लाया गया।

जांच के दौरान एक्स-रे में साफ़ दिखा कि बच्ची की खाद्य नली में एक बड़ा धातु का स्प्रिंग फंसा हुआ है। इसके आसपास नली की अंदरूनी परत में घाव और सूजन भी देखी गई, जिससे स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई थी।

पेडियाट्रिक सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. विशाल जैन ने बताया कि यह स्प्रिंग सामान्य पेन के स्प्रिंग से कहीं ज्यादा मोटा था। इसकी चौड़ाई लगभग आधा इंच और लंबाई करीब 1.5 से 2 इंच थी, जिससे इसे निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण था। इससे पहले देहरादून के एक निजी अस्पताल में इसे निकालने की कोशिश की गई थी, लेकिन सूजन और घाव के कारण वहां सर्जरी करना जोखिम भरा माना गया। इसके बाद बच्ची को तुरंत एम्स रेफर किया गया।

एम्स में डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन थिएटर में उन्नत एंडोस्कोपिक तकनीक का इस्तेमाल किया। स्प्रिंग को बहुत सावधानी से घुमाते हुए बाहर निकाला गया, ताकि खाद्य नली में किसी तरह का छेद या गंभीर चोट न पहुंचे। सर्जरी पूरी तरह सफल रही।

सर्जरी के बाद बच्ची की हालत तेजी से सुधरी और अगले ही दिन उसे सामान्य रूप से भोजन देना शुरू कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची अब पूरी तरह सुरक्षित है और जल्द ही स्वस्थ जीवन जी सकेगी।

डॉ. जैन ने माता-पिता को अहम सलाह देते हुए कहा कि छोटे बच्चों को स्प्रिंग, बटन सेल बैटरी, सिक्के और खिलौनों के छोटे हिस्सों से दूर रखना बेहद जरूरी है। ऐसी चीजें निगलने पर जान का खतरा हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर बच्चा गलती से कोई वस्तु निगल ले, तो बिना देरी किए तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए, ताकि समय रहते सही इलाज किया जा सके।

With Inputs From IANS

Tags:    

Similar News