'लाइफ कंट्रोल सेंटर' है पैंक्रियास, अनदेखा करना होगा सेहत के साथ खिलवाड़

पैंक्रियास हमारे शरीर का ‘लाइफ कंट्रोल सेंटर’ है, इसे नजरअंदाज करना स्वास्थ्य के लिए खतरे का संकेत है।

Update: 2026-02-28 13:00 GMT

नई दिल्ली: हमारे शरीर में हर अंग महत्वपूर्ण होता है, लेकिन कुछ ऐसे अंग भी हैं जो अपने काम में चुपचाप रहते हुए पूरे शरीर की कार्यप्रणाली को प्रभावित करते हैं। इन्हीं में से एक है पैंक्रियास, जिसे अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि यह शरीर के लिए अत्यंत आवश्यक है। पैंक्रियास को “लाइफ कंट्रोल सेंटर” कहा जाता है, क्योंकि यह ऊर्जा, पाचन और रक्त में शुगर को संतुलित करने में अहम भूमिका निभाता है।

पैंक्रियास भोजन को पचाने और शरीर में ऊर्जा उत्पन्न करने के लिए महत्वपूर्ण हॉर्मोन और एंजाइम बनाता है। यह प्रोटीन को तोड़ने, फैट को पचाने और कार्बोहाइड्रेट को ऊर्जा में बदलने में मदद करता है। अगर पाचन की प्रक्रिया सही नहीं होती है तो गैस, अपच, कब्ज और पेट में भारीपन जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसके अलावा, पैंक्रियास इंसुलिन और ग्लूकागन नामक दो मुख्य हॉर्मोन बनाता है।

इंसुलिन रक्त में शुगर की मात्रा को नियंत्रित करता है, जबकि ग्लूकागन रक्त में शुगर बढ़ाता है। अगर ये हॉर्मोन असंतुलित हो जाएं तो मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

पैंक्रियास की देखभाल करना इसलिए जरूरी है। इसे स्वस्थ रखने के लिए संतुलित और हल्का भोजन करना चाहिए। आहार में दाल, सब्जियां, हरी पत्तेदार सब्जियां और मोटे अनाज शामिल करना फायदेमंद है। वहीं तले-भुने, ज्यादा मसालेदार या अत्यधिक मीठे भोजन से परहेज करना चाहिए। इसके अलावा नियमित व्यायाम और योग का अभ्यास पैंक्रियास को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है। सुबह की शुरुआत अनुलोम-विलोम और कपालभाति जैसे प्राणायाम से करें, जिससे रक्त संचार बेहतर होता है और हॉर्मोन संतुलित रूप से बनते हैं।

याद रखें, पैंक्रियास की सही देखभाल न केवल पाचन और ऊर्जा के लिए जरूरी है, बल्कि यह मधुमेह और अन्य गंभीर बीमारियों से भी सुरक्षा प्रदान करता है। अपने लाइफ कंट्रोल सेंटर की सुरक्षा को नजरअंदाज न करें और इसके लिए अपने खान-पान और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाएं। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News