पीएम मोदी ने किया एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, कहा- 'ये नारीशक्ति को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम'

पीएम मोदी ने एचपीवी टीकाकरण अभियान महिलाओं को सशक्त बनाने वाला कदम बताया।

Update: 2026-03-01 04:30 GMT

अजमेर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर पांच लड़कियों को ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीका लगाया गया। इस महत्वाकांक्षी अभियान का उद्देश्य हर साल देशभर में लगभग 1.15 करोड़ 14 वर्षीय लड़कियों को सुरक्षित टीका प्रदान करना है। टीका तय किए गए सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा।



प्रधानमंत्री ने इस अभियान के शुभारंभ के बाद कहा कि उनकी सरकार सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में अजमेर से एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कई अन्य परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के साथ-साथ युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।

पीएम मोदी ने इस अभियान को देश की नारीशक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि परिवार में जब मां स्वस्थ रहती है, तो पूरे परिवार के लिए स्थिरता और शक्ति बनी रहती है, वहीं यदि मां बीमार हो, तो परिवार संकटों का सामना नहीं कर पाता।

प्रधानमंत्री ने पिछले अनुभवों का जिक्र करते हुए बताया कि 2014 से पहले कई ऐसी समस्याएं थीं, जो महिलाओं और लड़कियों के लिए जीवन में बड़ी बाधा और अपमान का कारण बनती थीं।

उदाहरण के लिए, शौचालयों की कमी के कारण लड़कियों को स्कूल छोड़ना पड़ता था, क्योंकि वहां अलग टॉयलेट की सुविधा नहीं होती थी। उन्होंने कहा कि पहले सत्ता में रहने वालों के लिए ये मामूली मुद्दे थे, लेकिन उनकी सरकार ने इसे संवेदनशीलता के साथ देखा और महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया।

पीएम मोदी ने आगे बताया कि गर्भावस्था में कुपोषण माताओं के जीवन के लिए खतरा होता था, लेकिन उनकी सरकार ने सुरक्षित मातृत्व और पोषण के लिए कई योजनाएं शुरू कीं। इसमें माताओं को पोषक आहार उपलब्ध कराना और पांच हजार रुपए खाते में जमा करने की योजना शामिल थी।

साथ ही, उज्ज्वला गैस योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्त करने का भी प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि यह सब इसलिए संभव हुआ क्योंकि भाजपा सरकार केवल सत्ता के लिए नहीं बल्कि संवेदनशीलता और महिलाओं की सुरक्षा के लिए काम करती है।

इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री ने देश में सर्विकल कैंसर के रोकथाम के लिए टीकाकरण को बढ़ावा देने और महिलाओं को स्वास्थ्य और सशक्तिकरण की दिशा में मजबूत कदम उठाने का संदेश दिया। यह पहल विशेष रूप से लड़कियों और महिलाओं के जीवन में सुधार लाने और उन्हें स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News