शरीर के लिए क्यों जरूरी है यह विटामिन B12, क्या हैं इसके सोर्स?
विटामिन B12 हमारे शरीर के स्वास्थ्य के लिए सबसे जरूरी पोषक तत्वों में से एक है.
विटामिन B12, जिसे कोबालामिन (Cobalamin) भी कहा जाता है, हमारे शरीर के स्वास्थ्य के लिए सबसे जरूरी पोषक तत्वों में से एक है. यह एक 'वॉटर-सुल्यूबल' (पानी में घुलनशील) विटामिन है, जिसका अर्थ है कि हमारा शरीर इसे स्टोर नहीं कर सकता, इसलिए हमें इसे नियमित रूप से अपने आहार के माध्यम से प्राप्त करना होता है.
विटामिन B12 हमारे शरीर के लिए क्यों जरूरी है?
विटामिन B12 शरीर के कई जरूरी चीजे करता है, जैसे यह हड्डियों के मज्जा (Bone Marrow) में लाल रक्त कोशिकाओं (Red Blood cell) को बनाने में मदद करता है. इसकी कमी से कोशिकाएं असामान्य रूप से बड़ी हो जाती हैं, जिससे मेगालोब्लास्टिक एनीमिया का खतरा बढ़ जाता है. यह शरीर की हर कोशिका में आनुवंशिक सामग्री (DNA) के निर्माण और मरम्मत के लिए जरूरी है. विटामिन B12 नसों के चारों ओर एक सुरक्षात्मक परत बनाता है जिसे माइलिन (Myelin) कहा जाता है. इसकी कमी से नसों में झुनझुनी, कमजोरी या संतुलन खोने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. यह याददाश्त बढ़ाने और अवसाद (Depression) को कम करने में मदद करता है क्योंकि यह सेरोटोनिन जैसे मूड-विनियमन रसायनों के उत्पादन में शामिल होता है.
विटामिन B12 की कमी के लक्षण
- अत्यधिक थकान और कमजोरी.
- हाथों और पैरों में सुन्नता या झुनझुनी.
- मुंह में छाले या जीभ का लाल और सूजा हुआ होना.
- धुंधली दृष्टि और चलने में कठिनाई.
- भूलने की बीमारी या मानसिक भ्रम.
विटामिन B12 के सोर्स
विटामिन B12 मुख्य रूप से पशु उत्पादों में पाया जाता है, इसलिए शाकाहारियों को विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है. दूध, दही, पनीर और छाछ में बी12 की मात्रा होती है. इसके अलावा फोर्टिफाइड फूड्स कुछ अनाज (Cereals), सोया मिल्क और यीस्ट जिनमें विटामिन B12 अलग से मिलाया गया हो. अंडा, मछली (साल्मन, टूना), चिकन और मांस.
किसे है सबसे ज्यादा खतरा?
क्योंकि नेचुरल रूप से यह पौधों में नहीं होता, इसलिए वीगन लोगों को सप्लीमेंट्स की जरूरत पड़ सकती है. उम्र बढ़ने के साथ पेट में एसिड कम बनता है, जिससे भोजन से विटामिन B12 सोखने की क्षमता घट जाती है. सीलिएक रोग या क्रोहन रोग वाले व्यक्तियों में इसका अवशोषण कम होता है.