सिर्फ फल नहीं, औषधीय शक्ति से भरपूर है बेल, जड़ से लेकर पत्तों में छिपे हैं गुण

बेल एक औषधीय फल है जिसके जड़, पत्ते और फल सभी शरीर को कई रोगों से बचाने में सहायक होते हैं।

Update: 2026-02-18 05:00 GMT

नई दिल्ली: मार्च आने में अभी कुछ दिन बाकी हैं, लेकिन दोपहर के समय से ही गर्मी का असर महसूस होने लगा है। आने वाले हफ्तों में तापमान और बढ़ेगा, जिससे शरीर में गर्मी, पित्त और वात से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं। ऐसे मौसम में लोग अक्सर ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते हैं, लेकिन भारतीय परंपरा में एक ऐसा प्राकृतिक विकल्प मौजूद है जो स्वाद के साथ-साथ औषधीय गुणों से भी भरपूर है — बेल का फल।

भारतीय संस्कृति में बेल का विशेष धार्मिक महत्व है और इसे भगवान शिव को अर्पित किया जाता है, लेकिन आयुर्वेद में इसका महत्व इससे भी कहीं अधिक बताया गया है। इसे शरीर को शीतल रखने वाला, पाचन सुधारने वाला और ताकत बढ़ाने वाला फल माना जाता है।

आयुर्वेदिक ग्रंथों में बेल को दीपन, पाचन सुधारक और ग्रहणी रोगों को दूर करने वाला बताया गया है। खास बात यह है कि बेल का सिर्फ फल ही नहीं, बल्कि इसके पत्ते, छाल और जड़ भी औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं, जिनका उपयोग चिकित्सकीय सलाह से किया जा सकता है।

गर्मियों में शरीर में सूजन, जलन या भारीपन महसूस हो तो बेल का रस राहत पहुंचा सकता है। इसमें मौजूद प्राकृतिक एंटीऑक्सीडेंट और एंटीमाइक्रोबियल तत्व शरीर की सूजन कम करने में सहायक माने जाते हैं। पाचन संबंधी समस्याओं जैसे कब्ज, एसिडिटी या अल्सर में भी इसका सेवन फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि यह आंतों को साफ रखने और पाचन क्रिया को संतुलित करने में मदद करता है। जिन लोगों को रस पीना पसंद नहीं, वे बाजार में मिलने वाला बेल का चूर्ण भी ले सकते हैं, जो कब्ज और दस्त दोनों स्थितियों में लाभ दे सकता है।

बेल रक्त शर्करा को संतुलित रखने में भी सहायक माना जाता है। इसके पत्तों का अर्क ग्लूकोज मेटाबॉलिज्म को सपोर्ट करता है, जिससे ब्लड शुगर का स्तर नियंत्रित रहने में मदद मिल सकती है, हालांकि इसके सेवन से पहले डॉक्टर की सलाह जरूरी है।

बेल का सेवन करने के लिए इसके गूदे को पानी में मसलकर छान लें और उसमें मिश्री मिलाकर पी सकते हैं। इसे सुबह या शाम किसी भी समय लिया जा सकता है। हालांकि गर्भवती महिलाओं और मधुमेह के मरीजों को इसका नियमित सेवन शुरू करने से पहले चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लेना चाहिए। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News