शरीर के लिए 'साइलेंट किलर' है नमक, जानें प्रतिदिन कितनी होनी चाहिए सोडियम की मात्रा

ज्यादा नमक दिल और ब्लड प्रेशर के लिए खतरनाक, सही मात्रा जानें।

Update: 2026-02-14 06:30 GMT

नई दिल्ली:  भारतीय रसोई में नमक और मसालों का खास महत्व है। ये न केवल भोजन का स्वाद बढ़ाते हैं बल्कि सही मात्रा में लिए जाएं तो सेहत के लिए भी जरूरी होते हैं। लेकिन जब इनका सेवन जरूरत से ज्यादा होने लगे, तो यही स्वाद स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है।

आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में लोग प्रोसेस्ड, पैकेज्ड और तले-भुने खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन कर रहे हैं। ऐसे में अनजाने में शरीर में सोडियम की मात्रा बढ़ती जा रही है, क्योंकि आटा, ब्रेड, स्नैक्स और रेडी-टू-ईट खाद्य पदार्थों में भी पर्याप्त मात्रा में नमक मौजूद होता है।

नमक स्वाद को बढ़ाता जरूर है, लेकिन अधिक मात्रा में यह शरीर पर धीरे-धीरे नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान दोनों इस बात पर सहमत हैं कि नमक आवश्यक तो है, परंतु सीमित मात्रा में। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार एक स्वस्थ व्यक्ति को प्रतिदिन लगभग 5 ग्राम यानी लगभग एक छोटा चम्मच नमक का सेवन करना चाहिए। इस मात्रा में भोजन के दौरान लिया गया नमक और पैकेज्ड फूड में मौजूद छिपा हुआ सोडियम दोनों शामिल हैं।

हालांकि भारतीय खान-पान की आदतों को देखें तो औसतन 10 से 12 ग्राम नमक रोजाना लिया जाता है, जो निर्धारित सीमा से लगभग दोगुना है। लंबे समय तक अधिक नमक खाने से हाई ब्लड प्रेशर, शरीर में सूजन, हड्डियों की कमजोरी, यूरिक एसिड बढ़ना, किडनी पर अतिरिक्त दबाव, पानी की कमी और यहां तक कि समय से पहले झुर्रियां आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

नमक का सेवन नियंत्रित रखने के लिए कुछ सरल उपाय अपनाए जा सकते हैं। केवल सफेद नमक पर निर्भर रहने के बजाय थोड़ी मात्रा में सेंधा नमक मिलाकर उपयोग किया जा सकता है। सलाद और फलों पर अतिरिक्त नमक या चाट मसाला छिड़कने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे सोडियम का स्तर बढ़ जाता है।

रात के समय ज्यादा नमकीन चीजें खाने से परहेज करें, क्योंकि इससे सुबह चेहरे और शरीर में सूजन हो सकती है। दही और लस्सी में भी अधिक नमक न डालें; इसकी जगह हल्की मात्रा में नमक और जीरा उपयोग करना बेहतर है। खासकर जिन लोगों को कफ या ब्लड प्रेशर की समस्या है, उन्हें नमक का सेवन विशेष रूप से सीमित रखना चाहिए। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News