सर्दियों में बीमारियों से बचाने में बच्चों की मजबूत ढाल बनती है ये चार चीजें, एक्टिव बनता है शरीर

सर्दियों में बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और शरीर को सक्रिय रखने में मदद करती हैं ये चार चीजें।

Update: 2026-01-13 06:00 GMT

नई दिल्ली: ठंडी सर्दियों की हवा बच्चों की सेहत पर सबसे पहले असर डालती है। इस मौसम में गले में खराश, नाक बहना, खांसी, थकान और कमजोरी जैसी परेशानियां आम हो जाती हैं। ऐसे समय में माता-पिता के लिए सबसे बड़ा सवाल यह होता है कि बच्चों को क्या खिलाया जाए जिससे उनका शरीर अंदर से गर्म रहे, ऊर्जा बनी रहे और बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़े।

आयुर्वेद के अनुसार ठंड के मौसम में शरीर की अग्नि यानी पाचन शक्ति सबसे मजबूत होती है। वहीं विज्ञान भी मानता है कि सर्दियों में शरीर को ज्यादा ऊर्जा की जरूरत होती है। इसलिए बच्चों की थाली में कुछ खास चीजों को शामिल करना बेहद जरूरी हो जाता है।

सबसे पहले आता है गुड़। सर्दियों में गुड़ का सेवन सबसे अधिक पसंद किया जाता है। आयुर्वेद में इसे खून को शुद्ध करने वाला और पाचन शक्ति बढ़ाने वाला माना गया है। विज्ञान के अनुसार, गुड़ में मौजूद आयरन शरीर में ऑक्सीजन पहुंचाने की क्षमता बढ़ाता है, जिससे बच्चा अधिक एक्टिव और एनर्जेटिक महसूस करता है। साथ ही गुड़ शरीर में प्राकृतिक गर्मी बनाए रखता है, जो ठंड के मौसम में बेहद फायदेमंद है।

दूसरी महत्वपूर्ण चीज है खजूर। ठंड के मौसम में खजूर बच्चों के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। आयुर्वेद में इसे बल्य यानी ताकत बढ़ाने वाला बताया गया है। यह खून बढ़ाने, शरीर में गर्मी लाने और पाचन को मजबूत करने में मदद करता है।

वैज्ञानिक दृष्टि से खजूर में आयरन, फाइबर, पोटैशियम और नेचुरल शुगर भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करते हैं। साथ ही, खजूर बच्चों की भूख बढ़ाता है और सर्दियों में होने वाली थकान को कम करने में मदद करता है।

तीसरी चीज है घी, जो सर्दियों में बच्चों की सेहत के लिए वरदान साबित हो सकता है। आयुर्वेद में घी को हजारों सालों से अमृत के समान माना गया है।

घी शरीर में ओज यानी प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। विज्ञान के अनुसार, घी में मौजूद हेल्दी फैट्स बच्चों के मस्तिष्क के विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। घी पाचन को भी आसान बनाता है और शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा प्रदान करता है। सर्दियों में रोटी या पराठे पर एक चम्मच घी लगाकर देना बच्चों को ताकत और ऊर्जा देता है।

चौथी और अंतिम चीज है शकरकंद। आयुर्वेद में शकरकंद को ताकत बढ़ाने वाला पदार्थ माना गया है। यह धीरे-धीरे शरीर को गर्म करता है और लंबे समय तक ऊर्जा देता है। विज्ञान के अनुसार, शकरकंद में विटामिन ए, विटामिन सी, फाइबर और पोटैशियम भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जिससे बच्चों की इम्युनिटी मजबूत होती है, त्वचा स्वस्थ रहती है और पाचन बेहतर होता है। बच्चों को उबला हुआ या हल्का-सा भुना हुआ शकरकंद खाना पसंद आता है।

इन चार प्राकृतिक और पौष्टिक चीजों — गुड़, खजूर, घी और शकरकंद — को बच्चों की सर्दियों की डाइट में शामिल करने से न केवल उनका शरीर अंदर से गर्म रहता है, बल्कि ऊर्जा, शक्ति और रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है। इस तरह ठंडी हवाओं और सर्दियों के मौसम में बच्चे बीमारियों से सुरक्षित रहते हैं और उनका शरीर हमेशा एक्टिव और स्वस्थ बना रहता है। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News