ब्लड प्रेशर और पाचन जैसी परेशानियों का नेचुरल इलाज, जानें कलौंजी के अद्भुत फायदे

कलौंजी का सेवन ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने और पाचन सुधारने में मददगार साबित होता है।

Update: 2026-03-02 11:45 GMT

नई दिल्ली: आयुर्वेद में कई ऐसी प्राकृतिक चीजें मौजूद हैं जो स्वास्थ्य के लिए चमत्कारिक साबित होती हैं, और उनमें से एक महत्वपूर्ण है कलौंजी के बीज। यह छोटे-छोटे काले बीज दिखने में मामूली लग सकते हैं, लेकिन पोषण और औषधीय गुणों की दृष्टि से बेहद शक्तिशाली हैं। आयुर्वेद और आधुनिक वैज्ञानिक शोध दोनों ही कलौंजी के स्वास्थ्य लाभों की पुष्टि करते हैं।

कलौंजी का स्वाद हल्का कड़वा और तीखा होता है, और यह मसालों, अचारों या हर्बल मिक्सचर में आमतौर पर शामिल किया जाता है। इसे आयुर्वेद में “बरकत का बीज” कहा जाता है क्योंकि इसके अंदर कई महत्वपूर्ण पोषक तत्व मौजूद हैं। इसमें प्रोटीन, फैट, कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसके अलावा, कलौंजी में लिनोलिक और ओलिक एसिड जैसे आवश्यक फैटी एसिड भी होते हैं, जो शरीर के अंगों के सही कामकाज और स्वस्थ्य के लिए जरूरी हैं।

कलौंजी के बीज इम्यूनिटी बढ़ाने में भी मददगार हैं। इनमें मौजूद थायमोक्विनोन जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स हानिकारक फ्री रेडिकल्स को न्यूट्रलाइज करके शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करते हैं। नियमित सेवन से यह बीमारियों, सूजन और एलर्जी जैसी समस्याओं में राहत पहुंचाता है।

दिल की सेहत के लिए भी कलौंजी बेहद लाभकारी है। यह कोलेस्ट्रॉल लेवल को नियंत्रित करने में मदद करता है, बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करके दिल की कार्यक्षमता बढ़ाता है। इसमें मौजूद अनसैचुरेटेड फैटी एसिड्स ब्लड प्रेशर को स्थिर रखते हैं, ट्राइग्लिसराइड्स को कम करते हैं और रक्त वाहिकाओं को लचीला बनाते हैं, जिससे रक्त संचार और हृदय स्वास्थ्य बेहतर होता है।

पाचन तंत्र के लिए भी कलौंजी अत्यंत उपयोगी है। यह डाइजेस्टिव एंजाइम्स को सक्रिय करता है, जिससे भोजन जल्दी पचता है और पोषक तत्वों का अवशोषण बढ़ता है। पेट फूलने, गैस और कब्ज जैसी परेशानियों में यह राहत देता है और गट माइक्रोबायोम को संतुलित रखता है।

प्रतिदिन 1–2 चम्मच कलौंजी बीज का सेवन स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त होता है। इसे सीधे, गर्म पानी में या दही के साथ मिलाकर लिया जा सकता है। हालांकि, गर्भवती महिलाएं, ब्लड थिनर लेने वाले या एलर्जी से प्रभावित लोग इसे लेने से पहले डॉक्टर से परामर्श लें। कलौंजी के नियमित और संतुलित सेवन से न सिर्फ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, बल्कि दिल, पाचन और समग्र स्वास्थ्य भी मजबूत होता है। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News