तुलसी ही नहीं, मंजरी भी है सेहत का खजाना
तुलसी की मंजरी इम्युनिटी बढ़ाने, सर्दी-खांसी से राहत, पाचन सुधारने और तनाव कम करने में फायदेमंद मानी जाती है।
घर के आंगन में उगने वाली तुलसी सिर्फ पूजा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी पत्तियों के साथ इसकी मंजरी (फूलों के छोटे गुच्छे) भी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद औषधि मानी जाती है। आयुर्वेद में तुलसी की मंजरी को इम्युनिटी बढ़ाने, सर्दी-खांसी से राहत, पाचन सुधारने और तनाव कम करने में उपयोगी माना गया है।
आयुर्वेद के अनुसार, तुलसी की मंजरी न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है, बल्कि मानसिक शांति भी प्रदान करती है। साथ ही इसे घर में सुख-समृद्धि लाने वाला भी माना जाता है और धार्मिक दृष्टि से भी यह पवित्र है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सस्ती और आसानी से उपलब्ध यह प्राकृतिक औषधि, अगर नियमित रूप से ली जाए, तो दवाइयों की जरूरत को काफी हद तक कम कर सकती है। हालांकि, किसी गंभीर बीमारी की स्थिति में आयुर्वेदिक विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है।
भारत सरकार का आयुष मंत्रालय भी तुलसी को प्रकृति का एक शक्तिशाली वरदान मानता है। तुलसी की मंजरी छोटे-छोटे फूलों का गुच्छा होती है, जिसमें एंटीबायोटिक, एंटीवायरल, एंटीफंगल और एंटीऑक्सीडेंट गुण भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। ये गुण शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं और कई बीमारियों से बचाव में मदद करते हैं।
तुलसी की मंजरी के नियमित सेवन से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, जिससे सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण का खतरा कम होता है। गले में खराश, बलगम और पुरानी खांसी में भी राहत मिलती है। इसके अलावा, अस्थमा और एलर्जी के मरीजों के लिए भी यह लाभकारी मानी जाती है। यह पाचन तंत्र को मजबूत कर गैस, अपच, एसिडिटी और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाती है।
इसके साथ ही तुलसी की खुशबू मन को शांत करती है, तनाव कम करती है और बेहतर नींद में मदद करती है। यह मुंह के छालों में राहत देती है, त्वचा में निखार लाती है और कील-मुंहासों को कम करती है। साथ ही शरीर से विषैले तत्व बाहर निकालकर खून को शुद्ध करने में भी सहायक होती है।
तुलसी की मंजरी का उपयोग कई आसान तरीकों से किया जा सकता है। सुबह खाली पेट 4-5 मंजरियां चबाई जा सकती हैं। तुलसी की पत्तियों और मंजरी की चाय बनाकर पी सकते हैं। शहद के साथ इसका रस लिया जा सकता है। अदरक, काली मिर्च और लौंग के साथ काढ़ा बनाकर सेवन करना, खासकर सर्दियों में, बेहद फायदेमंद होता है।
With Inputs From IANS