आयुष्मान योजना : चमोली के सीमांत जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की नई दिशा, दुर्गम पहाड़ी इलाकों में मुफ्त इलाज की सुविधा

आयुष्मान योजना के तहत चमोली के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में अब लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।

Update: 2026-02-26 09:45 GMT

चमोली: केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य पहल, आयुष्मान भारत योजना के तहत संचालित आयुष्मान भारत वय वंदना योजना, उत्तराखंड के सीमांत जनपद चमोली में तेजी से लाभ पहुंचा रही है। दुर्गम पहाड़ी इलाकों में अब तक 500 से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान और वंदना कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से वे सूचीबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क उपचार प्राप्त कर रहे हैं।

लाभार्थी अवल सिंह रावत ने बताया कि उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा, लेकिन आयुष्मान कार्ड के जरिए उनका पूरा उपचार मुफ्त में हो रहा है। पहले इलाज के लिए बाहर जाना और खर्च उठाना कठिन था, लेकिन अब योजना ने उन्हें बड़ी राहत दी है। वहीं, भीम सिंह ने कहा कि लंबा समय से खराब स्वास्थ्य के कारण उन्हें डॉक्टर ने भर्ती की सलाह दी थी, और अब कार्ड के जरिए सभी जांच और उपचार सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध हो रही हैं।

पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच हमेशा चुनौती रही है। अस्पताल की दूरी, कठिन परिवहन और आर्थिक तंगी के कारण मरीज समय पर इलाज नहीं पा पाते थे। आयुष्मान भारत वय वंदना योजना ने इन समस्याओं को काफी हद तक कम किया है। योजना के कार्ड के जरिए वरिष्ठ नागरिकों और पात्र लाभार्थियों को भर्ती, जांच और उपचार की सुविधाएं बिना किसी आर्थिक बोझ के उपलब्ध हो रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर रही हैं, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति योजना से वंचित न रहे। विशेष रूप से सीमांत और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले बुजुर्गों को प्राथमिकता देते हुए कार्ड बनाए जा रहे हैं।

इस प्रकार, आयुष्मान भारत वय वंदना योजना न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए राहत का माध्यम बनी है, बल्कि सरकार के उद्देश्य के अनुसार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य भी सफलतापूर्वक साकार हो रहा है। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News