PM मोदी ने शुरू किया राष्ट्रव्यापी HPV टीकाकरण अभियान, 14 साल की बेटियों को मिलेगी सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से राष्ट्रव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया.

Update: 2026-02-28 09:30 GMT

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से एक ऐतिहासिक स्वास्थ्य पहल की शुरुआत करते हुए 14 वर्ष की लड़कियों के लिए राष्ट्रव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया. इस अभियान का औपचारिक आरंभ पांच लड़कियों को वैक्सीन लगाकर किया गया. इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया. साथ ही, उन्होंने राजस्थान में 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया.

महिलाओं का सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सुरक्षा

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा महिलाओं के सामने आने वाली छोटी से छोटी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी है. उन्होंने जोर देकर कहा कि HPV टीकाकरण अभियान देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा क्रांतिकारी कदम है. सरकार सत्ता की भावना से नहीं, बल्कि सेवा और संवेदनशीलता के साथ काम करती है. महिलाएं हर घर की रीढ़ होती हैं, इसलिए 2014 से अब तक सरकार ने उनके जीवन को आसान बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं.

विकास परियोजनाओं और रोजगार की सौगात

इस कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में नवनियुक्त 21 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए. उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी न केवल यात्रा को आसान बनाती है बल्कि पूरे क्षेत्र का कायाकल्प कर रोजगार के नए अवसर पैदा करती है.

HPV वैक्सीन क्यों है जरूरी? 

सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं की मृत्यु का एक बड़ा कारण है. सर्वाइकल कैंसर के खतरे को 90-95% तक कम करती है. 14 वर्ष की आयु में टीकाकरण सबसे अधिक प्रभावी होता है क्योंकि इस उम्र में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होती है. सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर यह टीका अब मुफ्त उपलब्ध होगा.

Tags:    

Similar News