UP संचारी रोग नियंत्रण अभियान 2026, मुख्य सचिव के सख्त निर्देश, 1 अप्रैल से शुरू होगा महाभियान
उत्तर प्रदेश में जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करने और मौसमी बीमारियों पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने अहम कदम उठाया है.
उत्तर प्रदेश में जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करने और मौसमी बीमारियों पर लगाम लगाने के लिए योगी सरकार ने कमर कस ली है. मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और मण्डलायुक्तों को विशेष निर्देश जारी किए हैं. राज्य में 'संचारी रोग नियंत्रण अभियान' और 'दस्तक अभियान' की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है.
अभियान का शेड्यूल, अप्रैल में चलेगा विशेष मिशन
मुख्य सचिव के निर्देशों के अनुसार, प्रदेश में दो चरणों में स्वास्थ्य सुरक्षा चक्र चलाया जाएगा.संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल, 2026 तक चलाया जाएगा. दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल, 2026 तक होगा.इन अभियानों का मुख्य उद्देश्य डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया और दिमागी बुखार जैसे रोगों के प्रसार को रोकना है.
हीट वेव और साफ-सफाई पर विशेष जोर
बढ़ती गर्मी को देखते हुए मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को हीट वेव (लू) से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने को कहा है. उन्होंने साफ किया कि इसका बड़े लेवल पर प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि आम जनमानस जागरूक हो सके. इस अभियान की कुछ मुख्य प्राथमिकताएं होंगी नगर निकायों और पंचायती राज विभाग को ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में एंटी-लार्वा छिड़काव, नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
जलभराव का निस्तारण और पीने के साफ पानी की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी. डेंगू और चिकनगुनिया की दृष्टि से संवेदनशील जिलों में विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी. आशा बहुओं, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम प्रधानों का समयबद्ध संवेदीकरण और ट्रेनिंग कराया जाएगा.
गेहूं खरीद 2026-27: किसानों के लिए बड़ी राहत
बैठक में गेहूं क्रय वर्ष 2026-27 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. प्रदेश में कुल 5,494 क्रय केंद्र एक्टिव किए जा रहे हैं. इनमें 4,990 नियमित केंद्र और 504 मोबाइल क्रय केंद्र शामिल हैं. सभी केंद्रों पर छाया, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसानों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें.