2025 में लोगों ने सेहत को लेकर क्या खोजा? Google पर सबसे ज़्यादा पूछे गए हेल्थ सवाल

2025 में लोगों ने अपने स्वास्थ्य और सेहत से जुड़े सवालों के बारे में सबसे ज्यादा जानकारी गूगल पर खोजी।

Update: 2026-01-02 08:00 GMT

2025 में लोगों ने सेहत और स्वास्थ्य से जुड़े सवालों को सबसे ज्यादा गूगल पर खोजा।

साल 2025 अपने आख़िरी पड़ाव पर है और इस दौरान Google पर किए गए हेल्थ-संबंधी सर्च यह साफ़ दिखाते हैं कि लोग अब अपनी सेहत को लेकर पहले से ज़्यादा जागरूक और सतर्क हो रहे हैं। भारत ही नहीं, दुनिया भर में लोगों ने छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर इंटरनेट पर जवाब खोजे—जो यह बताता है कि प्रिवेंटिव हेल्थ और लाइफस्टाइल डिज़ीज़ पर फोकस लगातार बढ़ रहा है।

हर समय थकान क्यों रहती है?

2025 में सबसे ज़्यादा सर्च किए गए सवालों में से एक था—“हर समय थकान क्यों महसूस होती है?” डॉक्टरों के अनुसार, लगातार थकान का कारण खराब नींद, तनाव, अनियमित खान-पान और एक्सरसाइज़ की कमी हो सकता है। इसके अलावा एनीमिया, थायरॉयड की समस्या, विटामिन B12 और D की कमी, डिप्रेशन या एंग्ज़ायटी भी वजह हो सकती है।

कोविड और फ्लू के लक्षणों को लेकर भ्रम

कोविड शुरू हुए पाँच साल हो चुके हैं, फिर भी 2025 में लोग कोविड और सामान्य फ्लू के लक्षणों को लेकर भ्रमित रहे। बुखार, खांसी, गले में खराश और बदन दर्द जैसे समान लक्षणों के कारण लोग यह जानना चाहते थे कि उन्हें कोरोना है या सिर्फ़ मौसमी फ्लू।

नॉर्मल ब्लड शुगर लेवल कितना होता है?

डायबिटीज़ के बढ़ते मामलों के चलते “नॉर्मल ब्लड शुगर कितना होना चाहिए” एक बड़ा सर्च ट्रेंड रहा। लोग फास्टिंग शुगर, खाने के बाद शुगर और HbA1c वैल्यू को लेकर जानकारी तलाशते रहे।

ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल कैसे कंट्रोल करें?

हाई ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल से जुड़े सवाल भी खूब पूछे गए। विशेषज्ञों के मुताबिक 130/80 mmHg से ऊपर का ब्लड प्रेशर खतरनाक माना जाता है और इससे दिल, किडनी और स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है।

कैंसर के शुरुआती लक्षण

लोगों ने कैंसर के शुरुआती संकेतों को लेकर भी काफी खोजबीन की। बिना वजह वजन कम होना, गांठ, लगातार थकान, स्किन में बदलाव और लंबे समय तक रहने वाला दर्द ऐसे लक्षण हैं जिन्हें नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए।

लीवर और पाचन से जुड़े सवाल

2025 में फैटी लीवर के बढ़ते मामलों के चलते लीवर हेल्थ पर खास ध्यान दिया गया। साथ ही ब्लोटिंग, डायरिया और पेट से जुड़ी समस्याएं भी सर्च ट्रेंड में रहीं।

वज़न घटाने के घरेलू उपाय और डैंड्रफ

हॉट लेमन वॉटर जैसे वज़न घटाने के घरेलू उपायों को लेकर सवाल पूछे गए, वहीं डैंड्रफ जैसी आम समस्या भी Google पर ट्रेंड करती रही।

क्या बताते हैं 2025 के हेल्थ सर्च?

2025 के Google सर्च यह दिखाते हैं कि लोग अब बीमारी होने के बाद नहीं, बल्कि लक्षण दिखते ही जानकारी और समाधान तलाश रहे हैं। यह एक सकारात्मक बदलाव है, जो बेहतर स्वास्थ्य और समय पर इलाज की दिशा में इशारा करता है। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News