लौकी की बर्फी: स्वाद के साथ सेहत का कॉम्बो, नोट कर लें रेसिपी

लौकी की बर्फी एक स्वादिष्ट और पौष्टिक मिठाई है, जो सेहत और मिठास दोनों का बेहतरीन संगम देती है।

Update: 2026-02-19 11:30 GMT

नई दिल्ली: फाल्गुन माह शुरू होते ही होली की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक विभाग ने स्वाद और सेहत से भरपूर पारंपरिक मिठाई लौकी की बर्फी बनाने की सलाह दी है।

उत्तर प्रदेश की पारंपरिक पाक शैली में लौकी की बर्फी एक खास मिठाई मानी जाती है, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होती है। विभाग के अनुसार यह हल्की, कम कैलोरी वाली और उत्सवों के लिए उपयुक्त मिठाई है। सामान्यतः सब्जी के रूप में इस्तेमाल होने वाली लौकी को इसमें स्वादिष्ट मिठाई में बदल दिया जाता है।

लौकी अपने औषधीय गुणों के कारण विशेष महत्व रखती है। आयुर्वेद और आधुनिक शोध बताते हैं कि इसमें लगभग 96 प्रतिशत पानी, कम कैलोरी, फाइबर, विटामिन-ए, पोटैशियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं। फाइबर की अधिकता कब्ज, गैस, एसिडिटी और अपच में राहत देती है, साथ ही पाचन तंत्र को मजबूत बनाती है। अधिक पानी और कम कैलोरी होने से यह वजन नियंत्रित करने में भी सहायक है।

दिल के स्वास्थ्य के लिए भी लौकी फायदेमंद मानी जाती है। इसमें मौजूद पोटैशियम रक्तचाप संतुलित रखने और कोलेस्ट्रॉल घटाने में मदद करता है। यह शरीर को डिटॉक्स करने के साथ त्वचा की चमक बढ़ाती है तथा शुगर मेटाबॉलिज्म सुधारकर रक्त शर्करा को स्थिर रखने में सहायक हो सकती है।

बनाने की विधि:

लौकी को धोकर छीलें, बीज निकालकर कद्दूकस करें। कढ़ाई में दो बड़े चम्मच घी गर्म कर लौकी को लगभग 10 मिनट तक मध्यम आंच पर भूनें। फिर चीनी डालकर पानी सूखने तक पकाएं। इसके बाद मावा और थोड़ा घी मिलाकर मिश्रण गाढ़ा होने तक चलाएं। ऊपर से इलायची पाउडर डालें, ठंडा करें और मनचाहे आकार में काट लें। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News