क्या आपकी प्लेट है आपकी कमजोरी की वजह? इनसे करें बचाव

कुछ खाद्य पदार्थ आपकी एनर्जी लेवल को घटा सकते हैं, इन्हें खाने से बचें।

Update: 2026-04-02 10:30 GMT

नई दिल्ली: हमारी सेहत और ऊर्जा सीधे हमारी डाइट पर निर्भर करती है। कभी-कभी हमारी थाली में ऐसी चीजें शामिल हो जाती हैं, जो धीरे-धीरे हमारी ताकत कम कर देती हैं। इसलिए यह जानना जरूरी है कि कौन-सी चीजें नुकसान पहुंचा रही हैं और किनसे दूरी बनानी चाहिए।

आजकल बाजार में मिलने वाले पैकेट वाले स्नैक्स, इंस्टेंट नूडल्स और रेडी-टू-ईट खाने का चलन बहुत बढ़ गया है। ये खाने में स्वादिष्ट जरूर लगते हैं, लेकिन इनमें पोषण बहुत कम और हानिकारक तत्व जैसे प्रिजर्वेटिव्स और अधिक नमक होते हैं। इनका नियमित सेवन शरीर को कमजोर बना सकता है।

दूसरी बड़ी समस्या है अत्यधिक चीनी का सेवन। मीठी चीजें जैसे मिठाई, केक, पेस्ट्री और कोल्ड ड्रिंक हमें तुरंत ऊर्जा देती हैं, लेकिन यह ऊर्जा ज्यादा देर तक नहीं टिकती। इसके बाद शरीर में थकान और सुस्ती महसूस होने लगती है। लंबे समय तक ज्यादा चीनी खाने से मोटापा, डायबिटीज और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

इसी तरह रिफाइंड आटे यानी मैदा से बनी चीजें भी हमारी सेहत के लिए नुकसानदायक हैं। सफेद ब्रेड, बिस्किट और पेस्ट्री में फाइबर की कमी होती है, जिससे पाचन तंत्र कमजोर होता है और शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते। इसके अलावा तला-भुना और जंक फूड, जिसमें ट्रांस फैट की मात्रा अधिक होती है, दिल और शरीर दोनों के लिए हानिकारक साबित हो सकता है।

बहुत ज्यादा नमक का सेवन भी सेहत के लिए ठीक नहीं है। इससे ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है और शरीर में पानी रुकने की समस्या हो सकती है।

इसलिए जरूरी है कि अपनी थाली में संतुलन और पोषण बढ़ाएं। ताजी सब्जियां, फल, दालें, साबुत अनाज और घर का बना खाना अपने आहार में शामिल करें। ये न केवल शरीर को ताकत देते हैं, बल्कि बीमारियों से भी बचाते हैं। इसके अलावा अगर आपको कुछ झटपट खाना ही है, तो आप भुने चने, घर में बना पोहा या उपमा जैसे हेल्दी ऑप्शन चुन सकते हैं। साथ ही पर्याप्त पानी पीना और नियमित समय पर भोजन करना भी बहुत जरूरी है। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News