सेबिया अमरूद : इम्युनिटी बढ़ाकर पाचन तंत्र को मजबूत करते में सहायक

सेबिया अमरूद शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर पाचन तंत्र को मजबूत करने में मदद करता है।

Update: 2026-02-20 05:30 GMT

प्रयागराज: प्रकृति ने हमें कई ऐसे फल और फूल दिए हैं, जो स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद हैं। ऐसा ही एक फल है सेबिया अमरूद, जिसे उत्तर प्रदेश के पर्यटन विभाग ने स्वास्थ्य और स्वाद का राजा बताया है। यह अमरूद प्रयागराज की उपजाऊ मिट्टी और अनुकूल जलवायु में उगाया जाता है, जिससे इसमें प्राकृतिक मिठास, हल्की खुशबू और अनोखा स्वाद मिलता है।

साल 2007 में जीआई टैग प्राप्त इस फल की सर्दियों में खास मांग रहती है, और यह 100-150 रुपये प्रति किलो बिकता है। सेबिया अमरूद की विशेषता इसकी हल्की पीली-हरी छाल और अंदर के गहरे लाल या गुलाबी गूदे में है, जो सेब जैसा दिखता और महकता है, इसी कारण इसे ‘सेबिया’ या ‘सुर्खा’ नाम मिला। मीठा और रसीला होने के कारण यह अन्य अमरूदों से अलग पहचान रखता है।

इसमें भरपूर विटामिन सी होता है, जो संतरे से कई गुना अधिक है, जिससे रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और सर्दियों में सर्दी-खांसी जैसी बीमारियों से बचाव होता है। फाइबर की अच्छी मात्रा पाचन तंत्र को दुरुस्त रखती है, कब्ज दूर करती है और आंतों को स्वस्थ बनाए रखती है। साथ ही, इसमें मौजूद पोटेशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं, ब्लड प्रेशर नियंत्रित करते हैं, कोलेस्ट्रॉल कम करते हैं और हृदय रोग का जोखिम घटाते हैं।

कम कैलोरी और हाई फाइबर होने के कारण यह वजन घटाने में मदद करता है और लंबे समय तक पेट भरा रखता है। एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को स्वस्थ बनाए रखते हैं, उम्र बढ़ने के प्रभाव को धीमा करते हैं और सूजन कम करते हैं। इस प्रकार, सेबिया अमरूद स्वाद, पोषण और स्वास्थ्य तीनों में उत्कृष्ट है। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News