थोड़ी देर में ज्यादा शराब पीना हो सकता है आंतों के लिए घातक : स्टडी

अध्ययन में पाया गया कि जल्दी और अधिक मात्रा में शराब पीना आंतों की सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।

Update: 2026-01-09 14:15 GMT

नई दिल्ली: एक नए अध्ययन में पता चला है कि थोड़े समय में अत्यधिक शराब पीना, जिसे आम भाषा में बिंज ड्रिंकिंग कहा जाता है, आंत के लिए हानिकारक हो सकता है। महिलाओं के लिए यह लगभग दो घंटे में चार ड्रिंक और पुरुषों के लिए पांच ड्रिंक पीने को कहा जाता है।

अध्ययन के अनुसार, केवल एक बार इतनी शराब पीने से आंत की अंदरूनी परत कमजोर हो सकती है। इससे आंत की वह सुरक्षा क्षमता कम हो जाती है, जो बैक्टीरिया और हानिकारक तत्वों को खून में जाने से रोकती है। इस स्थिति को “लीकी गट” कहा जाता है, यानी आंत में छोटे रिसाव बन जाते हैं, जिससे हानिकारक तत्व शरीर में प्रवेश कर सकते हैं।

हार्वर्ड मेडिकल स्कूल की प्रोफेसर ग्योंगी जाबो, जो इस अध्ययन की मुख्य लेखिका हैं, ने बताया कि पहले हमें यह पता था कि लंबे समय तक अत्यधिक शराब पीने से आंत और लिवर को नुकसान होता है। लेकिन यह साफ नहीं था कि पहली बार भी ज्यादा शराब पीने से आंत में क्या प्रभाव पड़ता है।

इस अध्ययन से पता चला कि थोड़े समय में ज्यादा शराब पीने से आंत में सूजन आ सकती है और इसकी सुरक्षा परत कमजोर हो सकती है, जो भविष्य में शराब से जुड़ी आंत और लिवर की बीमारियों का आधार बन सकती है।

हार्वर्ड मेडिकल स्कूल और बेथ इजराइल डेकोनेस मेडिकल सेंटर की टीम ने जांच की कि कम समय में अधिक शराब लेने से आंत के विभिन्न हिस्सों पर क्या असर पड़ता है। परिणामों से पता चला कि बिंज ड्रिंकिंग से आंत को चोट पहुँचती है और शरीर की कुछ प्रतिरक्षा कोशिकाएं – जैसे न्यूट्रोफिल – आंत की परत में जमा होने लगती हैं। ये कोशिकाएं नेट्स नामक जाल जैसी संरचनाएं छोड़ सकती हैं, जो छोटी आंत के ऊपरी हिस्से को नुकसान पहुंचाती हैं और रिसाव बढ़ाती हैं।

जब शोधकर्ताओं ने इन नेट्स को ब्लॉक करने के लिए एक एंजाइम का उपयोग किया, तो पाया कि आंत की परत में प्रतिरक्षा कोशिकाओं की संख्या कम हुई और बैक्टीरिया का रिसाव घटा। इसका मतलब है कि यह एंजाइम आंत को नुकसान से बचाने में मदद कर सकता है।

कुल मिलाकर, यह अध्ययन स्पष्ट करता है कि कभी-कभार भी कम समय में बहुत ज्यादा शराब पीना सुरक्षित नहीं है। इससे आंत कमजोर हो सकती है, सूजन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News