गर्भावस्था में अपच और भूख न लगने से परेशान? अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय

गर्भावस्था में अपच और भूख न लगने जैसी समस्याओं को दूर करने के लिए कुछ सरल घरेलू उपाय अपनाए जा सकते हैं।

Update: 2026-04-06 10:15 GMT

नई दिल्ली: गर्भावस्था महिलाओं के जीवन का एक खास दौर होती है, लेकिन इस दौरान शरीर में बदलाव कई तरह की परेशानियां भी ला सकते हैं। इनमें से एक सामान्य समस्या है अपच, पेट में भारीपन महसूस होना और भूख न लगना।दरअसल, प्रेग्नेंसी में हार्मोनल बदलाव के कारण पाचन प्रक्रिया धीमी हो जाती है, जिससे गैस, एसिडिटी और मतली जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। आयुर्वेद और विज्ञान दोनों ही मानते हैं कि खानपान और कुछ प्राकृतिक उपायों के जरिए इन समस्याओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

आयुर्वेद में सौंफ को पाचन के लिए बहुत लाभकारी माना गया है। सौंफ में मौजूद प्राकृतिक तेल और फाइबर पेट की मांसपेशियों को आराम देते हैं और गैस बनने की समस्या को कम करते हैं। सौंफ में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीस्पास्मोडिक गुण होते हैं, जो पेट में ऐंठन और भारीपन को कम करने में मदद करते हैं। जब सौंफ को पानी में उबालकर पिया जाता है, तो इसके तत्व और भी आसानी से शरीर में घुल जाते हैं और पाचन तंत्र को शांत करते हैं। यही वजह है कि खाने के बाद थोड़ी सौंफ लेने से पेट हल्का महसूस होता है और अपच की समस्या कम हो सकती है।

अदरक को भी प्रेग्नेंसी के दौरान होने वाली मतली और अपच के लिए बेहद असरदार माना जाता है। आयुर्वेद में अदरक को महा औषधि कहा गया है, क्योंकि यह पाचन अग्नि को मजबूत करता है। विज्ञान के अनुसार, अदरक में जिंजरोल और शोगोल जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो पेट में बनने वाले एसिड को संतुलित करते हैं और उल्टी जैसा महसूस होने से राहत देते हैं। जब अदरक के साथ नींबू मिलाया जाता है, तो यह और ज्यादा असरदार हो जाता है।

नींबू में विटामिन सी और प्राकृतिक एसिड होते हैं, जो पाचन रस को सक्रिय करते हैं और भोजन को जल्दी पचाने में मदद करते हैं। इस मिश्रण को गुनगुने पानी के साथ लेने से पेट हल्का रहता है और भूख भी धीरे-धीरे बढ़ने लगती है।

नारियल पानी भी इस दौरान बहुत फायदेमंद माना जाता है। आयुर्वेद के अनुसार, यह शरीर को ठंडक देता है और पित्त दोष को संतुलित करता है, जो प्रेग्नेंसी में बढ़ जाता है और एसिडिटी का कारण बनता है। नारियल पानी में इलेक्ट्रोलाइट्स जैसे पोटैशियम और मैग्नीशियम होते हैं, जो शरीर को हाइड्रेट रखते हैं और पेट की जलन को शांत करते हैं।

जब शरीर हाइड्रेटेड रहता है, तो पाचन प्रक्रिया भी बेहतर तरीके से काम करती है और अपच की समस्या कम हो जाती है। नियमित रूप से ताजा नारियल पानी पीने से शरीर में ऊर्जा भी बनी रहती है। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News