हेल्थ टिप्स : खुश और सेहतमंद रहने का बेहतरीन तरीका है 'सेल्फ लव'

खुद से प्यार करना यानी 'सेल्फ लव' खुश और सेहतमंद रहने का सबसे आसान तरीका है।

Update: 2026-02-24 07:00 GMT

नई दिल्ली: आज की तेज़-रफ्तार जिंदगी में खुद को खुश और स्वस्थ बनाए रखने का सबसे प्रभावी तरीका है सेल्फ लव, यानी खुद से प्यार करना। यह स्वार्थ नहीं बल्कि खुद का सम्मान, स्वीकार और देखभाल करना है। जब आप खुद से प्यार करते हैं, तो आपका मन और शरीर दोनों स्वस्थ और सुदृढ़ रहते हैं।

नेशनल हेल्थ मिशन के अनुसार, सेल्फ लव केवल एक आदत नहीं है, बल्कि भीतर से मजबूती और आत्मविश्वास देने वाला एहसास है। इसमें खुद की तारीफ करना, जरूरत पड़ने पर मदद लेना, आराम करना और खुद को प्राथमिकता देना शामिल है। खुद से किया गया प्यार सबसे सशक्त प्यार है, जो आपको खुश, मजबूत और सेहतमंद बनाता है।

सेल्फ लव का मतलब है खुद को अपनी खूबियों, कमियों, गलतियों और उपलब्धियों सहित वैसे ही स्वीकार करना जैसे आप हैं। इसमें खुद के प्रति दया रखना, नकारात्मक आत्म-आलोचना कम करना, अपनी जरूरतों को महत्व देना और खुद को प्रोत्साहित करना शामिल है। यह खुद को दोष देने के बजाय माफ करना, दूसरों से तुलना न करना और अपनी खुशियों को संजोना सिखाता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, सेल्फ लव से मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। तनाव, चिंता और घबराहट कम होती है, नकारात्मक सोच घटती है और मन शांत रहता है। इससे खुशी और आभार की भावना बढ़ती है, आत्मविश्वास मजबूत होता है और जीवन की चुनौतियों का सामना करना आसान हो जाता है।

सेल्फ लव से संबंध भी मजबूत होते हैं। दूसरों के साथ संतुलित और स्वस्थ रिश्ते बनते हैं, और बाउंड्री सेट करना आसान होता है। इसके अलावा, यह शारीरिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक असर डालता है। अच्छे खान-पान, व्यायाम, नींद और आराम जैसी आदतें अपनाने से स्ट्रेस हार्मोन कम होते हैं, इम्यून सिस्टम मजबूत होता है और दिल की बीमारियों सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा घटता है।

खुद को महत्व देने से जीवन में सकारात्मक बदलाव आते हैं। लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिलती है, और आप अधिक उत्पादक और संतुष्ट महसूस करते हैं। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News