चश्मा लगा हो तो खानी चाहिए ये चीजें, बेहतर हो सकती है आंखों की रोशनी
आजकल इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के ज्यादा इस्तेमाल से कम उम्र में ही लोगों को चश्मा लग रहा है।
बढ़ती उम्र के साथ आंखों का कमजोर होना और रोशनी का कम होना सामान्य बात है। लेकिन आजकल इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के ज्यादा इस्तेमाल से कम उम्र में ही लोगों को चश्मा लग रहा है। जिन लोगों को पहले से ही चश्मा लगा है, उनका नंबर तेजी से बढ़ रहा है। इसलिए यह जानना बहुत जरूरी है कि चश्मा लगा हो तो किन चीजों को खाने से आंखों की रोशनी तेज हो सकती है।
बदलती जीवनशैली का आंखों पर असर
पुराने समय में उम्र बढ़ती थी तो लोगों की नजर कमजोर होने लगती थी। लेकिन अब छोटी उम्र से ही यानी छोटे बच्चों की आंखों का कमजोर होना आम बात हो गया है। इसकी अनेक वजहों में से एक है बदलती जीवनशैली। बदलती जीवनशैली के कारण देर रात तक जागना, टीवी, लैपटॉप, कंप्यूटर, टैब, मोबाइल पर घंटों समय बिताना। इसके अलावा खराब खानपान के कारण शरीर को पर्याप्त पोषक तत्व नहीं मिल पाते हैं, जिसका असर आंखों के स्वास्थ्य पर भी होता है।
क्या कहते हैं नेत्र रोग विशेषज्ञ
मुंबई स्थित नारायणा हेल्थ एसआरसीसी चिल्ड्रन हॉस्पिटल में बाल नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं सीनियर चिकित्सक डॉक्टर नीपा ठेकर (Dr Neepa Thacker, Senior Consultant - Paediatric Ophthalmology, Narayana Health SRCC Children’s Hospital, Mumbai) कहती हैं,
आंखों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में सही पोषण का अहम रोल है। पोषक तत्व जैसे विटामिन ए, ल्यूटिन, ज़ियाक्सैंथिन, विटामिन सी और ओमेगा-3 फैटी एसिड से रेटिना को सपोर्ट मिलता है और आंखों की ऑक्सीडेटिव डेमेज से सुरक्षा होती है। डॉक्टर नीपा कहती हैं कि आंखों के स्वास्थ्य के लिए गाजर, हरी सब्जियां, खट्टे फल, नट्स, सीड्स और फैटी फिश का सेवन करना चाहिए।
आंखें ठीक रखने के लिए क्या खाएं
- डॉक्टर्स कहते हैं कि आंखें ठीक रखने के लिए विटामिन ए बहुत जरूरी है। विटामिन ए के लिए प्रतिदिन गाजर का सेवन करना बहुत लाभदायक माना गया है. घर पर गाजर का जूस निकालकर भी सेवन कर सकते हैं। पपीते का सेवन कर सकते हैं। हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करने से भी लाभ हो सकता है।
- भोजन में हरी मटर, नट्स को शामिल करें. विटामिन ई की कमी ना हो इसके लिए काजू, बादाम खाएं. ड्राई फ्रूट्स का नियमित सेवन करने की आदत डालें।
- आंखों को ठीक रखने के लिए विटामिन सी बहुत जरूरी है। इसके लिए खट्टी चीजें जैसे नींबू का सेवन करें। संतरा, अंगूर, कीनू का सेवन कर सकते हैं।
- ओमेगा-3 से भरपूर चीजें खाएं। चिया सीड्स, फ्लैक्स सीड्स का सेवन करें।
- जो लोग नॉन-वेज का सेवन करते हैं, उनके लिए मछली का सेवन बहुत लाभकारी हो सकता है।