शाम के 20 मिनट ये योगासन करने से दूर होगा तनाव, मिलेगी बेहतर नींद

शाम को 20 मिनट योग करने से तनाव कम होता है और नींद की गुणवत्ता बेहतर होती है।

Update: 2026-04-10 09:30 GMT

नई दिल्ली: आज की व्यस्त जीवनशैली में दिनभर की दौड़-भाग, काम का तनाव और मानसिक थकान आम हो गई है। ऐसे में यदि शाम को कुछ मिनट अपने लिए निकाले जाएं, तो दिनभर की थकान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

आयुष मंत्रालय भी नियमित योग को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह देता है। शाम का योग शरीर को धीरे-धीरे आराम की स्थिति में लाता है। इससे मांसपेशियों का तनाव कम होता है, दिमाग शांत होता है और रात में अच्छी नींद आने की संभावना बढ़ जाती है। अगर रोजाना 15 से 20 मिनट भी सही तरीके से योग किया जाए, तो इसके सकारात्मक परिणाम कुछ ही दिनों में महसूस होने लगते हैं।

बालासन- यह आसन खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो पूरे दिन बैठे-बैठे काम करते हैं या मानसिक तनाव से गुजरते हैं। इस आसन में शरीर को आगे की ओर झुकाकर सिर को जमीन के पास लाया जाता है, जिससे पीठ और कंधों की जकड़न कम होती है। साथ ही, गहरी सांस लेने से दिमाग को शांति मिलती है और मन हल्का महसूस करता है। यह आसन नर्वस सिस्टम को रिलैक्स करने में मदद करता है।

मार्जरीआसन- यह आसन शरीर को लचीला बनाने में मदद करता है। इसमें सांस के साथ रीढ़ की हड्डी को ऊपर-नीचे मूव किया जाता है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। दिनभर एक ही पोजिशन में बैठने से जो अकड़न पैदा होती है, उसे यह आसन काफी हद तक कम कर देता है।

पश्चिमोत्तानासन- यह आसन पूरे शरीर को स्ट्रेच करता है, खासकर रीढ़ और पैरों के पीछे के हिस्से को मजबूत बनाता है। इसे धीरे-धीरे और सांस पर ध्यान रखते हुए किया जाता है। इस प्रक्रिया से शरीर का तनाव कम होता है और दिमाग में चल रही चिंताओं पर भी नियंत्रण मिलता है। आयुष मंत्रालय के मुताबिक, यह आसन पाचन क्रिया को सुधारने में भी सहायक होता है।

विपरीत करणी- इस आसन में पैरों को ऊपर उठाकर शरीर का संतुलन बनाया जाता है। लंबे समय तक खड़े रहने या चलने के बाद पैरों में जो थकान होती है, उसे यह आसन तेजी से कम करता है। साथ ही, यह ब्ल्ड सर्कुलेशन को संतुलित करने और मन को शांत करने में मदद करता है। नींद न आने की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए यह खासतौर से लाभकारी माना जाता है।

शवासन- इस आसन में शरीर पूरी तरह स्थिर रहता है और ध्यान सिर्फ सांसों पर होता है। इससे शरीर और मन दोनों को गहरी शांति मिलती है। दिनभर की थकान को दूर करने और मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए यह आसन बेहद जरूरी है। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News