घर पर बनाएं शानदार बॉडी, ये 7 एक्सरसाइज देंगे आपको बेहतरीन रिजल्ट्स
इन 7 व्यायामों को आप जिम या घर, कहीं भी कर सकते हैं. ध्यान रहे, 'तकनीक' (Form) सबसे जरूरी है.
क्या आपका वर्कआउट वाकई असर कर रहा है? सही तरीके से किए गए व्यायाम न केवल आपको फिट रखते हैं, बल्कि इनके परिणाम आप महसूस भी कर सकते हैं. इन 7 व्यायामों को आप जिम या घर, कहीं भी कर सकते हैं. ध्यान रहे, 'तकनीक' (Form) सबसे जरूरी है. अगर आप किसी स्वास्थ्य समस्या (जैसे ऑस्टियोपोरोसिस) से जूझ रहे हैं, तो शुरुआत करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें.
पैदल चलना (Walking)
शुरुआत में 5-10 मिनट टहलें. धीरे-धीरे इसे 30 मिनट तक बढ़ाएं. बेहतर रिजल्ट के लिए अपनी गति बढ़ाएं या चढ़ाई वाली जगह पर चलें.
इंटरवल ट्रेनिंग (Interval Training)
मेटाबॉलिज्म बढ़ाने और कैलोरी जलाने के लिए यह बेस्ट है. अपनी सामान्य गति के बीच में 1-2 मिनट के लिए बहुत तेज दौड़ें या व्यायाम करें, फिर 2-4 मिनट के लिए गति धीमी कर लें. इस चक्र को पूरे वर्कआउट में दोहराएं.
स्क्वाट्स (Squats)
यह आपके पैरों (Quads, Hamstrings) और कूल्हों (Glutes) की मांसपेशियों पर एक साथ काम करता है. पैरों को कंधों के बराबर खोलें और पीठ सीधी रखें। घुटनों को मोड़ते हुए ऐसे नीचे बैठें जैसे कुर्सी पर बैठ रहे हों. वजन एड़ियों और पंजों पर बराबर रखें। मास्टर करने के लिए पहले कुर्सी के साथ प्रैक्टिस करें.
लंजेस (Lunges)
निचले शरीर की मांसपेशियों और संतुलन (Balance) सुधारने के लिए लंजेस बेहतरीन हैं. एक बड़ा कदम आगे बढ़ाएं, पीठ सीधी रखें और अगले घुटने को 90 डिग्री तक मोड़ें। पिछला घुटना फर्श के करीब लाएं पर उसे छुएं नहीं.
पुश-अप्स (Push-Ups)
यह आपके सीने, कंधों और ट्राइसेप्स को मजबूती देता है. हाथों को कंधों से थोड़ा चौड़ा रखें और शरीर को एक सीधी रेखा में रखें. अगर फर्श पर कठिन लगे, तो घुटने टेककर या किचन काउंटर का सहारा लेकर शुरुआत करें.
क्रंचेस (Crunches)
पेट की मांसपेशियों (Abs) को टोन करने के लिए क्रंचेस सबसे फेवरेट हैं. पीठ के बल लेट जाएं, घुटने मोड़ें और तलवे फर्श पर रखें. पेट की मांसपेशियों पर जोर देते हुए सिर और कंधों को फर्श से थोड़ा ऊपर उठाएं. गर्दन पर ज्यादा खिंचाव न दें.
बेंट-ओवर रो (Bent-Over Row)
यह आपकी ऊपरी पीठ और बाइसेप्स के लिए एक बेस्ट व्यायाम है.घुटने थोड़े मोड़कर आगे की ओर झुकें. पीठ को सीधा रखें और हाथों में डंबल लेकर कोहनियों को ऊपर की ओर खींचें. फिर धीरे-धीरे नीचे ले जाएं.