तेजी से बढ़ रहा हेयर फॉल, जानिए पोषक तत्वों की कमी जड़ों को कर देती है कमजोर
आज के दौर में बाल झड़ना एक आम लेकिन गंभीर समस्या बनती जा रही है खराब लाइफस्टाइल.
आज के दौर में बाल झड़ना एक आम लेकिन गंभीर समस्या बनती जा रही है. खराब लाइफस्टाइल, फास्ट फूड का बढ़ता चलन, अनियमित दिनचर्या और बढ़ता तनाव शरीर के संतुलन को बिगाड़ रहे हैं, जिसका सीधा असर बालों की सेहत पर पड़ रहा है. अक्सर लोग हेयर फॉल को केवल बाहरी कारणों से जोड़ते हैं और अलग-अलग शैंपू या हेयर प्रोडक्ट्स बदलते रहते हैं, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार बालों की असली मजबूती अंदरूनी पोषण पर निर्भर करती है. जब शरीर को जरूरी विटामिन और मिनरल्स नहीं मिलते, तो बालों की जड़ें कमजोर हो जाती हैं और झड़ने की समस्या बढ़ने लगती है.
बाल झड़ने के कारण
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं कि बालों की जड़ों तक पोषण और ऑक्सीजन का सही तरीके से पहुंचना बेहद जरूरी होता है. इस प्रक्रिया में आयरन की भूमिका बहुत अहम होती है. आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने में मदद करता है, जो खून के जरिए ऑक्सीजन को शरीर के हर हिस्से तक पहुंचाता है. जब शरीर में आयरन की कमी होती है, तो स्कैल्प तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती. इससे हेयर फॉलिकल्स कमजोर हो जाते हैं और बाल तेजी से झड़ने लगते हैं.
इसी तरह विटामिन डी भी बालों की ग्रोथ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. यह विटामिन हेयर फॉलिकल्स को सक्रिय रखने में मदद करता है, जिससे नए बाल उगते रहते हैं. जब शरीर में विटामिन डी की कमी हो जाती है, तो नए बाल बनने की प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है और पुराने बाल गिरने लगते हैं. धीरे-धीरे बाल पतले और बेजान दिखने लगते हैं.
विटामिन बी12 भी बालों के लिए जरूरी है
विटामिन बी12 भी बालों के लिए जरूरी पोषक तत्वों में शामिल है. यह शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में मदद करता है. जब बी12 की कमी होती है, तो खून में ऑक्सीजन का स्तर कम हो जाता है, जिससे बालों की जड़ों तक सही पोषण नहीं पहुंच पाता. इसका असर बालों की ग्रोथ पर पड़ता है और बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं. लंबे समय तक इसकी कमी रहने पर हेयर फॉल की समस्या और गंभीर हो सकती है.
बाल मुख्य रूप से केराटिन नामक प्रोटीन से बने होते हैं. इसलिए शरीर में प्रोटीन की कमी का सीधा असर बालों पर पड़ता है. जब पर्याप्त प्रोटीन नहीं मिलता, तो शरीर जरूरी अंगों को प्राथमिकता देता है और बालों की ग्रोथ धीमी हो जाती है. इससे बाल पतले, कमजोर और जल्दी टूटने वाले हो जाते हैं. यही कारण है कि संतुलित आहार में प्रोटीन का होना बेहद जरूरी है.
जिंक भी एक ऐसा मिनरल है, जो स्कैल्प को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है। यह बालों की जड़ों को मजबूत करता है और नई कोशिकाओं के निर्माण में सहायक होता है. जिंक की कमी होने पर स्कैल्प ड्राई हो सकता है, डैंड्रफ बढ़ सकता है और बालों का गिरना तेज हो जाता है. विशेषज्ञों का कहना है कि हेयर फॉल को रोकने के लिए सिर्फ बाहरी देखभाल ही नहीं, बल्कि अंदर से पोषण देना भी जरूरी है. इसके लिए रोजाना की डाइट में हरी सब्जियां, ताजे फल, दालें, दूध और सूखे मेवे शामिल करना चाहिए. ये सभी शरीर को जरूरी विटामिन और मिनरल्स प्रदान करते हैं, जिससे बालों की जड़ें मजबूत होती हैं.
input IANS