बढ़ते वज़न पर नहीं हो पा रहा कंट्रोल, इन छोटे-छोटे दानों के पास है समाधान
छोटे-छोटे बीजों में वजन नियंत्रित करने और सेहत सुधारने के अद्भुत फायदे मौजूद हैं।
नई दिल्ली: छोटे-छोटे काले बीज, जिन्हें चियासीड्स कहा जाता है, पोषण का असली पावरहाउस हैं। ये बीज न केवल स्वाद में हल्के और आसानी से इस्तेमाल किए जाने वाले हैं, बल्कि स्वास्थ्य के कई पहलुओं में अद्भुत लाभ भी प्रदान करते हैं। खासकर हृदय स्वास्थ्य के लिए ये बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। इनमें फाइबर, प्रोटीन और ओमेगा-3 फैटी एसिड्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो हृदय को मजबूत और सुरक्षित रखने में मदद करते हैं।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अनुसार, चियासीड्स में मौजूद अल्फा-लिनोलेनिक एसिड नामक ओमेगा-3 फैटी एसिड हृदय स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। यह अच्छे कोलेस्ट्रॉल (एचडीएल) को बढ़ाता है और खराब कोलेस्ट्रॉल (एलडीएल) को कम करने में सहायक होता है। इसका नियमित सेवन धमनियों में ब्लॉकेज का खतरा घटाने और हृदय रोगों जैसे हार्ट अटैक और स्ट्रोक के जोखिम को कम करने में मदद करता है।
इसके अलावा, चियासीड्स में पोटैशियम और मैग्नीशियम भी पर्याप्त मात्रा में होते हैं, जो ब्लड वेसल्स को रिलैक्स करने में सहायक होते हैं और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं को नियंत्रित रखते हैं।
चियासीड्स का इस्तेमाल करना बेहद आसान है। रोजाना मात्र 1-2 चम्मच ही पर्याप्त होते हैं। इन्हें रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाया जा सकता है, जिससे ये जेल जैसी बनावट में बदल जाते हैं और पाचन के लिए और भी फायदेमंद हो जाते हैं। इसके अलावा, इन्हें दही, सलाद, दलिया, ओट्स या फलों के साथ मिलाकर भी खाया जा सकता है।
चियासीड्स के नियमित सेवन से न केवल हृदय स्वस्थ रहता है, बल्कि ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल का स्तर भी नियंत्रित रहता है। फाइबर, कैल्शियम, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर ये बीज शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं और समग्र स्वास्थ्य में सुधार लाते हैं। छोटे से बीज में मौजूद ये गुण शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं और थकान या कमजोरी जैसी समस्याओं से भी बचाते हैं।
इस तरह, चियासीड्स न केवल हृदय और रक्तचाप के लिए फायदेमंद हैं, बल्कि वजन नियंत्रित करने, पाचन सुधारने और समग्र स्वास्थ्य बनाए रखने में भी मदद करते हैं। इन्हें अपने रोजमर्रा के आहार में शामिल करके हम शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रख सकते हैं। (With inputs from IANS)