मन की बात : मिलेट्स को लेकर बोले पीएम मोदी- ये परंपरा, सेहत और रोजगार को एक साथ जोड़ रहा

पीएम मोदी ने मन की बात में कहा कि मिलेट्स परंपरा, सेहत और रोजगार को एक साथ जोड़ रहे हैं।

Update: 2026-01-28 06:30 GMT

नई दिल्ली – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2026 के पहले 'मन की बात' कार्यक्रम के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। यह इस कार्यक्रम का 130वां एपिसोड था। अपने संबोधन में उन्होंने समाज, कृषि, स्वास्थ्य और तकनीक जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की और लोगों के प्रयासों की सराहना की।

पीएम मोदी ने मिलेट्स (श्रीअन्न) को लेकर देश में बढ़ते उत्साह को प्रेरणादायक बताया और इसे भारत की सांस्कृतिक और पोषण परंपरा से जोड़ा। उन्होंने कहा, "मैं आप सभी की मिलेट्स के लिए सराहना करना चाहता हूं। 2023 को हमने 'मिलेट वर्ष' घोषित किया था, और तीन साल बाद भी देश और दुनिया में इस प्रति जो पैशन है, वह उत्साहित करने वाला है। श्रीअन्न सेहत के साथ-साथ किसानों की आमदनी के लिए भी लाभकारी साबित हो रहा है।"

उन्होंने तमिलनाडु के कल्ल-कुरिची जिले का उदाहरण देते हुए बताया कि यहां की महिला किसानों की एक समूह 'पेरियापलायम मिलेट' एफपीसी के तहत मिलेट प्रोसेसिंग यूनिट चला रही हैं। इससे महिलाएं सीधे बाजार तक मिलेट से बने उत्पाद पहुंचा रही हैं, जिससे उनकी आमदनी बढ़ी और वे आत्मनिर्भर बनी हैं।

पीएम मोदी ने राजस्थान के रामसर क्षेत्र में हो रहे नवाचारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वहां 900 से अधिक किसान बाजरे की खेती करते हैं और बाजरे से लड्डू बनाकर बेचते हैं, जिनकी बाजार में अच्छी मांग है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि कई मंदिरों में प्रसाद के रूप में केवल मिलेट से बने उत्पादों का ही उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "श्रीअन्न परंपरा, सेहत और रोजगार को एक साथ जोड़ रहा है।"

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि मिलेट्स से किसानों की आय बढ़ रही है और आम लोगों के स्वास्थ्य में भी सुधार हो रहा है। उन्होंने सर्दियों में श्रीअन्न का सेवन करने की सलाह दी।

साथ ही उन्होंने फरवरी में आयोजित होने वाले 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' का उल्लेख किया और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने अगले 'मन की बात' कार्यक्रम में इस विषय पर विस्तार से चर्चा करने का आश्वासन दिया।

अंत में उन्होंने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी और एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश साझा किया। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News