योग से पाएं पेट के रोगों से मुक्ति, जानें उदराकर्षणासन के चमत्कारी लाभ

उदराकर्षणासन पाचन तंत्र को मजबूत कर पेट से जुड़ी समस्याओं से राहत दिलाने में सहायक योगासन है।

Update: 2026-02-24 14:15 GMT

नई दिल्ली: आधुनिक जीवनशैली में अनियमित दिनचर्या और असंतुलित खान-पान की आदतों ने पेट से जुड़ी समस्याओं को आम बना दिया है। कब्ज, गैस, अपच, पेट फूलना और एसिडिटी जैसी दिक्कतें आज बड़ी संख्या में लोगों को परेशान कर रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इन समस्याओं से राहत पाने के लिए दवाओं पर निर्भर रहने के बजाय योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाना अधिक लाभकारी हो सकता है। उदराकर्षणासन ऐसा ही एक प्रभावी योगासन है, जो पाचन तंत्र को सक्रिय कर पेट संबंधी विकारों से राहत दिलाने में मदद करता है।

उदराकर्षणासन मुख्य रूप से पेट के निचले हिस्से, आंतों और रीढ़ की हड्डी के लिए फायदेमंद माना जाता है। ‘उदर’ का अर्थ पेट और ‘आकर्षण’ का अर्थ खींचना या संकुचित करना है। इस आसन में पेट पर नियंत्रित दबाव और खिंचाव डाला जाता है, जिससे पाचन अंगों की मालिश होती है और उनकी कार्यक्षमता में सुधार होता है। यह आसन शरीर की प्राकृतिक डिटॉक्स प्रक्रिया को भी बढ़ावा देता है, जिससे विषैले तत्व बाहर निकलने में सहायता मिलती है।

आयुष मंत्रालय के अनुसार, उदराकर्षणासन पेट की मांसपेशियों को मजबूत बनाता है, कब्ज दूर करने में सहायक है और पाचन क्रिया को संतुलित करता है। यह अपान वायु को सक्रिय करता है, जिससे निचले पेट और कमर के दर्द में भी आराम मिलता है। नियमित अभ्यास से आंतों की गतिशीलता बेहतर होती है और गैस व अपच जैसी समस्याओं में कमी आती है।

इसे करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर उकड़ू स्थिति में बैठें। पैरों के बीच लगभग एक से डेढ़ फीट की दूरी रखें और हथेलियों को घुटनों पर रखें। अब गहरी सांस छोड़ते हुए दाएं घुटने को बाएं पैर के पास जमीन पर टिकाएं, बाएं घुटने को सीधा रखें और सिर को बाईं ओर मोड़ें। कुछ क्षण इसी स्थिति में रहें, फिर दूसरी ओर यही प्रक्रिया दोहराएं। शुरुआत में इसे धीरे-धीरे करें और समय के साथ अभ्यास की अवधि बढ़ाएं।

हालांकि, जिन लोगों को पेट में अल्सर, हर्निया, गंभीर कमर दर्द या हाल ही में कोई सर्जरी हुई हो, उन्हें यह आसन करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। सही तरीके और नियमित अभ्यास से उदराकर्षणासन पेट को स्वस्थ रखने और समग्र स्वास्थ्य सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News