मोबाइल की लत से बचने के लिए अपनाएं डिजिटल डिटॉक्स, शारीरिक और मानसिक रोगों से मिलेगी मुक्ति
मोबाइल की लत से बचने और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य सुधारने के लिए डिजिटल डिटॉक्स अपनाएं।
नई दिल्ली: आधुनिक जीवन में मोबाइल फोन हमारी दिनचर्या का एक अभिन्न हिस्सा बन चुका है और तकनीकी प्रगति का प्रतीक भी है। हालांकि, इसकी बढ़ती लत अब बच्चों से लेकर बड़ों तक के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर डाल रही है।
आज स्थिति यह है कि मोबाइल का उपयोग हमारी दिनचर्या में इतना घुल-मिल गया है कि हम अक्सर यह अंदाज़ा ही नहीं लगा पाते कि दिन का कितना समय स्क्रीन के सामने बिताया जा चुका है। लगातार मोबाइल इस्तेमाल की आदत धीरे-धीरे कई तरह की समस्याओं को जन्म देती है, इसलिए तन और मन दोनों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए समय-समय पर डिजिटल डिटॉक्स करना बेहद जरूरी हो जाता है।
मोबाइल की लत केवल मानसिक स्वास्थ्य पर ही नहीं, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर डालती है। लगातार फोन इस्तेमाल करने से नींद न आने, आंखों में जलन या कमजोरी, कंधे और गर्दन में दर्द, सिरदर्द, मोटापा, एकाग्रता में कमी, तनाव और अवसाद जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके साथ ही व्यक्ति धीरे-धीरे सामाजिक रूप से अलग-थलग पड़ने लगता है।
ऐसे में आयुर्वेदिक डिजिटल डिटॉक्स अपनाना फायदेमंद साबित हो सकता है। यह प्रक्रिया शरीर और मन दोनों को प्राकृतिक तरीके से संतुलित और स्वस्थ बनाती है। डिजिटल डिटॉक्स से आंखों, नसों और मस्तिष्क को आराम मिलता है, तनाव कम होता है और मानसिक एकाग्रता बढ़ती है। इसके साथ ही यह वात की प्रवृत्ति को नियंत्रित करने में भी मदद करता है।
इसका प्रारंभ आसान गतिविधियों से किया जा सकता है। दिन की शुरुआत सूर्य नमस्कार से करें। इसके बाद कंधे और गर्दन के व्यायाम करें और आंखों के लिए नेत्र योग करें। सुबह की हल्की सैर तन और मन दोनों के लिए लाभकारी है। मन को शांत रखने के लिए गहरी सांस लें और सप्ताहांत में फोन से दूर समय बिताने की कोशिश करें। जुम्बा या डांस जैसी गतिविधियों से शरीर सक्रिय रहेगा और मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।
साथ ही, शरीर और मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के लिए आहार में बदलाव जरूरी है। आहार में आंवला, शहद, घी, त्रिफला, नारियल पानी, बादाम, अश्वगंधा, हल्दी वाला दूध और तुलसी चाय शामिल करें। आंवला मस्तिष्क और आंखों को स्वस्थ रखेगा, त्रिफला पाचन शक्ति को सुधारने में मदद करेगा, जबकि घी तंत्रिका तंत्र और मस्तिष्क को मजबूती प्रदान करेगा। इस तरह डिजिटल डिटॉक्स और संतुलित जीवनशैली अपनाकर व्यक्ति शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों में सुधार ला सकता है। (With inputs from IANS)