क्या मधुमेह में फल खाने से भी बढ़ रहा है शुगर का स्तर? जानें कौन से फल है अमृत

मधुमेह में कुछ फल शुगर बढ़ा सकते हैं, जानें कौन से फल फायदेमंद हैं।

Update: 2026-02-17 04:30 GMT

नई दिल्ली: जीवनशैली में बदलाव की वजह से देश में हर साल मधुमेह के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सरकार भी लोगों को फिट और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए लगातार जागरूक कर रही है। आमतौर पर हर परिवार में कम या ज्यादा शुगर या ब्लड प्रेशर के मरीज पाए जाते हैं, और ये दोनों ही रोग एक-दूसरे से जुड़े होते हैं।

मधुमेह के मामले में मीठे खाने से अधिक प्रभावित करने वाला कारक गलत जीवनशैली और अत्यधिक तनाव माना जाता है। ऐसे रोगियों को सही मात्रा और प्रकार का आहार लेने की सख्त आवश्यकता होती है। हालांकि, यह समस्या फलों के मामले में भी देखी जाती है। चिकित्सकों के अनुसार, मधुमेह रोगियों को प्राकृतिक मीठे फलों से परहेज करना चाहिए, जिनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) 55 या उससे अधिक हो। प्राकृतिक रूप से मीठे फल भी ब्लड शुगर बढ़ाने का कारण बन सकते हैं। इसलिए फलों का सेवन सोच-समझकर और उचित मात्रा में करना जरूरी है।

मधुमेह के मरीजों के लिए सबसे फायदेमंद फल जामुन है, जिसे “अमृत फल” भी कहा जाता है। जामुन के फल, गुठली और पत्ते सभी पैंक्रियाज के कार्य को सपोर्ट करते हैं, ब्लड शुगर कंट्रोल में मदद करते हैं और फाइबर व एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं, जिससे पाचन भी बेहतर रहता है।

दूसरा लाभकारी फल अमरूद है। यह शुगर नियंत्रण, पाचन सुधार और कब्ज दूर करने में मदद करता है। साथ ही मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाता है और विटामिन सी से भरपूर होने के कारण रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है।

तीसरा समूह बेरीज (जैसे स्ट्रॉबेरी, ब्लूबेरी, आंवला) है। इनमें एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन सी भरपूर मात्रा में होते हैं, जो ब्लड शुगर नियंत्रण और इम्युनिटी को मजबूत करने में सहायक हैं। हालांकि, मधुमेह रोगियों को फलों का जूस नहीं पीना चाहिए क्योंकि इसमें फाइबर की कमी होती है और शुगर स्तर तेजी से बढ़ सकता है। कच्ची हल्दी और आंवला का जूस पीना बेहतर विकल्प है। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News