गोरखमुंडी के फायदे : सिरदर्द से किडनी स्टोन तक का करे असरदार प्राकृतिक इलाज

गोरखमुंडी एक प्राकृतिक औषधि है जो सिरदर्द से लेकर किडनी स्टोन तक कई समस्याओं में लाभकारी है।

Update: 2026-02-27 05:00 GMT

नई दिल्ली: आजकल एलोपैथिक दवाओं का इस्तेमाल इतना बढ़ गया है कि विशेषकर युवा पीढ़ी प्राकृतिक जड़ी-बूटियों की ओर कम ही आकर्षित होती है और उनके औषधीय लाभ अक्सर भूल जाते हैं। जबकि आधुनिक दवाएं तुरंत राहत देती हैं, इनके कई दुष्प्रभाव भी हो सकते हैं। इसके विपरीत, प्राकृतिक जड़ी-बूटियां धीमी गति से प्रभाव दिखाती हैं, लेकिन सस्ती और कम हानिकारक होती हैं।

ऐसी ही एक महत्वपूर्ण आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी है ‘गोरखमुंडी’। इसके पौधे का लगभग हर हिस्सा – फूल, पत्ते, तना और जड़ – औषधीय गुणों से भरपूर है। गोरखमुंडी का उपयोग कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं में लाभकारी माना जाता है। यह मुख्य रूप से चर्म रोग, पाचन समस्याएं, किडनी स्टोन, आंखों की परेशानियां, सूजन, सिरदर्द और रक्त शुद्धि में मदद करता है।

गोरखमुंडी के एंटी-बैक्टीरियल गुण त्वचा रोग, गैस और यूरिनरी इन्फेक्शन में राहत पहुंचाते हैं। इसके पत्तों का लेप खुजली और पुराने घावों के उपचार में कारगर है। इसके सेवन से अपच, पेट दर्द और दस्त जैसी समस्याओं में भी फायदा मिलता है। इसके रक्त को साफ करने वाले गुण शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालकर डिटॉक्स में मदद करते हैं।

साथ ही, गोरखमुंडी किडनी की पथरी और मूत्र संबंधी समस्याओं में भी लाभकारी है, दर्द और सूजन को कम करता है। जोड़ों के दर्द, सिरदर्द और शरीर की कमजोरी में राहत पाने के लिए भी इसे इस्तेमाल किया जाता है। इसके पत्तों के रस का उपयोग आंखों की जलन कम करने और शरीर में ऊर्जा बढ़ाने के लिए किया जाता है।

हालांकि, इसे अत्यधिक मात्रा में लेने से पेट में जलन हो सकती है। गंभीर बीमारियों के दौरान इसका उपयोग करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है। इसके अलावा, गर्भवती महिलाओं को गोरखमुंडी का सेवन करने से बचना चाहिए। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News