क्या पूरे दिन छाई रहती है सुस्ती और थकान? आहार में शामिल करें ये चीजें

अक्सर लोगों को पूरे दिन सुस्ती, थकान और कमजोरी महसूस होने की शिकायत करते हुए आपने देखा होगा।

Update: 2026-03-11 14:15 GMT

नई दिल्ली: अक्सर लोग पूरे दिन सुस्ती, थकान और कमजोरी महसूस करने की शिकायत करते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इसका एक प्रमुख कारण शरीर में आयरन की कमी यानी एनीमिया हो सकता है। आयरन हमारे शरीर के लिए बेहद जरूरी है क्योंकि यह खून में हीमोग्लोबिन का निर्माण करता है और ऑक्सीजन को शरीर के हर हिस्से तक पहुंचाने में मदद करता है।

जब शरीर में आयरन की कमी होती है, तो खून में हीमोग्लोबिन की मात्रा कम हो जाती है और इसके परिणामस्वरूप थकान, सुस्ती, चक्कर आना और कमजोरी जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। यह समस्या विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और युवाओं में अधिक देखने को मिलती है।

नेशनल हेल्थ मिशन के अनुसार, सही और संतुलित आहार अपनाकर आयरन की कमी को आसानी से पूरा किया जा सकता है और दिनभर तरोताजा और ऊर्जा से भरपूर महसूस किया जा सकता है। आयरन युक्त आहार न सिर्फ शरीर में खून की गुणवत्ता सुधारता है, बल्कि मानसिक और शारीरिक ऊर्जा भी बनाए रखता है। रोजमर्रा के आहार में कुछ सामान्य लेकिन लाभकारी चीजें शामिल करके इस समस्या से निजात पाया जा सकता है।

आयरन युक्त आहार में गुड़, तिल, हरी पत्तेदार सब्जियां, चना, काली दाल, मूंगफली आदि को शामिल किया जा सकता है। गुड़ आयरन का सबसे अच्छा और सस्ता स्रोत माना जाता है। रोजाना एक छोटा टुकड़ा गुड़ खाने से शरीर में आयरन की अच्छी मात्रा मिलती है। इसे चने या मूंगफली के साथ खाने से इसके फायदे और बढ़ जाते हैं।

साथ ही, काले चने, मसूर दाल, उड़द दाल और राजमा में भरपूर आयरन पाया जाता है। इन्हें नियमित रूप से अपने आहार में शामिल करना चाहिए। हरी पत्तेदार सब्जियों जैसे पालक, मेथी, सरसों का साग और बथुआ में भी आयरन की अच्छी मात्रा होती है। इन्हें सलाद, सब्जी या साग के रूप में रोजाना खाया जा सकता है।

मूंगफली स्वाद में भी अच्छी और आयरन का अच्छा स्रोत भी है। इसे भुना कर या मूंगफली की चटनी के रूप में रोज थोड़ी मात्रा में सेवन किया जा सकता है। तिल में भी आयरन की पर्याप्त मात्रा होती है। तिल के लड्डू, चटनी या सलाद में इसे शामिल कर सकते हैं।

साथ ही, आयरन युक्त आहार के साथ विटामिन सी युक्त फलों जैसे नींबू, संतरा और आंवला का सेवन करना चाहिए, क्योंकि विटामिन सी आयरन के अवशोषण में मदद करता है। सही खान-पान और संतुलित आहार अपनाकर दिनभर शरीर को ऊर्जा से भरपूर और स्वास्थ्य बनाए रखना संभव है। नियमित रूप से आयरन युक्त आहार लेने से न केवल थकान और सुस्ती कम होती है, बल्कि शरीर में खून की कमी भी पूरी होती है और समग्र स्वास्थ्य बेहतर रहता है। (With inputs from IANS)

Tags:    

Similar News