नई दिल्ली: जैसे ही गर्मियों का मौसम आता है, पेट की समस्याओं के साथ थकान और निर्जलीकरण जैसी परेशानियाँ बढ़ जाती हैं। ऐसे समय में ठंडक और ताजगी देने वाला प्राकृतिक बेल का शरबत सेहत के लिए बेहद लाभकारी साबित होता है।हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, बेल का नियमित सेवन गर्मी के मौसम में शरीर को स्वस्थ और ठंडा रखने का सबसे आसान और प्राकृतिक तरीका है। बाजार के ठंडे पेय और शक्कर वाले जूस की जगह घर का बना बेल का शर्बत वरदान से कम नहीं। यह सस्ता, पौष्टिक और पूरी तरह प्राकृतिक है।

भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अनुसार, बेल में फाइबर, प्रोटीन, आयरन और अन्य महत्वपूर्ण पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो गर्मियों में शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ कई बीमारियों से बचाव करते हैं। बेल का शर्बत गर्मियों में शरीर को अंदर से ठंडक देने वाला सबसे अच्छा पेय है। यह न सिर्फ प्यास बुझाता है, बल्कि डिहाइड्रेशन से भी बचाता है। गर्मी में बार-बार पसीना आने से शरीर कमजोर पड़ जाता है, लेकिन बेल के शर्बत का नियमित सेवन करने से ऊर्जा बनी रहती है और थकान दूर होती है।

बेल के शर्बत के सेवन से तन-मन को एक-दो नहीं, बल्कि कई लाभ मिलते हैं। यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। बेल में मौजूद उच्च मात्रा में फाइबर कब्ज, गैस और अपच की समस्या को जड़ से दूर करता है। यह पेट साफ रखता है और बवासीर जैसी परेशानी में भी राहत देता है। यहां तक की दस्त और डायरिया जैसी समस्याओं में भी असरदार है। बेल का शर्बत दस्त की समस्या को नियंत्रित करने में बहुत प्रभावी है। यह पेट की सूजन कम करता है और पाचन क्रिया को सामान्य रखता है।

कोलेस्ट्रॉल और हृदय स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है। इसके नियमित सेवन से कोलेस्ट्रॉल का स्तर नियंत्रित रहता है, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा कम होता है। यह रक्त शुद्धि भी करता है। बेल खून को शुद्ध करने में मदद करता है और शरीर से टॉक्सिन बाहर निकालता है। इससे त्वचा भी स्वस्थ और चमकदार रहती है।

बेल का शर्बत प्रसव के बाद महिलाओं को बहुत लाभ पहुंचाता है। यह दूध बढ़ाने में मदद करता है और शरीर को आवश्यक पोषण देता है।

बेल का शर्बत बनाने के लिए ताजा बेल का गूदा निकालकर अच्छे से पीस लें। इसमें ठंडा पानी, थोड़ा काला नमक, जीरा पाउडर और स्वादानुसार शहद या गुड़ मिलाकर तैयार करें। गर्मियों में रोज सुबह या दोपहर में एक गिलास बेल का शर्बत पीने से पूरे दिन तरोताजा महसूस होता है। (With inputs from IANS)

IANSdehydrationfatiguehydration

Topic:

गर्मियों में शरीर को ठंडक और ताजगी देने के लिए बेल का शरबत एक आसान और प्राकृतिक उपाय है।
Khushi Chittoria
Khushi Chittoria

Khushi Chittoria joined Medical Dialogues in 2025 as a Media and Editorial Intern. She holds a degree in Bachelor of Arts in Journalism and Mass Communication from IP University and has completed certifications in content writing. She has a strong interest in anchoring, content writing, and editing. At Medical Dialogues, Khushi works in the editorial department, web stories and anchoring.