हरी सब्जियां स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी मानी जाती हैं और हमारे बड़े-बुजुर्ग भी नियमित रूप से इन्हें खाने की सलाह देते आए हैं। हरी सब्जियों का सेवन पाचन तंत्र को बेहतर बनाने, प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने और हृदय को स्वस्थ रखने में मदद करता है। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि इनका सेवन किस तरह किया जाए ताकि शरीर को इनका पूरा लाभ मिल सके।

आजकल सैंडविच, सलाद और नूडल्स जैसे कई खाद्य पदार्थों में कच्ची सब्जियों का इस्तेमाल बढ़ गया है। लेकिन आयुर्वेद के अनुसार, हरी सब्जियों को कच्चा खाने के बजाय सही तरीके से पकाकर खाना अधिक फायदेमंद माना जाता है। हरी पत्तेदार सब्जियां पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं, लेकिन यदि इन्हें अधिक मात्रा में या गलत तरीके से खाया जाए तो ये पाचन पर असर डाल सकती हैं। आयुर्वेद में बताया गया है कि कई हरी सब्जियां शरीर में वात दोष को बढ़ा सकती हैं और पचने में भारी हो सकती हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार पालक, शिमला मिर्च और पत्तागोभी जैसी कुछ सब्जियों को कच्चा खाने से बचना चाहिए। इनमें कभी-कभी सूक्ष्म परजीवी या अशुद्धियां हो सकती हैं, जो पाचन संबंधी समस्याएं पैदा कर सकती हैं। इसके अलावा कच्ची सब्जियों में वात की मात्रा अधिक मानी जाती है, जो गैस, अपच या पेट में असहजता का कारण बन सकती है। इसलिए बेहतर है कि हरी सब्जियों को पहले हल्का उबाल लिया जाए, फिर अतिरिक्त पानी निकालकर उन्हें घी या तेल में हल्का भूनकर पकाया जाए। इससे उनका स्वाद भी बढ़ता है और पाचन भी आसान हो जाता है।

आयुर्वेद के अनुसार उम्र के साथ शरीर में वात दोष की मात्रा बढ़ने लगती है, जिससे पाचन क्षमता कमजोर हो सकती है। यही कारण है कि बुजुर्गों को हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन सीमित मात्रा में करने की सलाह दी जाती है। इसी तरह बच्चों का पाचन तंत्र भी पूरी तरह विकसित नहीं होता, इसलिए उनके आहार में भी हरी सब्जियों की मात्रा संतुलित रखनी चाहिए।

बुजुर्गों और बच्चों के लिए लौकी, तोरई, टिंडा, परवल और कुंदरू जैसी सब्जियां अधिक उपयुक्त मानी जाती हैं। ये सब्जियां हल्की होती हैं और आसानी से पच जाती हैं, साथ ही इनमें भी पर्याप्त पोषण मौजूद होता है। यदि बच्चे इन सब्जियों को सीधे खाने में रुचि नहीं दिखाते, तो इन्हें आटे में मिलाकर पराठे के रूप में या अन्य व्यंजनों में शामिल करके दिया जा सकता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि संतुलित आहार और सही तरीके से पकाई गई सब्जियों का सेवन करने से शरीर को आवश्यक पोषक तत्व मिलते हैं और पाचन तंत्र भी स्वस्थ रहता है। इसलिए हरी सब्जियों को आहार में शामिल करते समय उनकी मात्रा, पकाने का तरीका और व्यक्ति की उम्र को ध्यान में रखना महत्वपूर्ण है।

With Inputs From IANS

IANSEatingGreen VegetablesAyurvedic

Topic:

हमारे बड़े-बुजुर्ग अक्सर आहार में हरी सब्जियां शामिल करने की सलाह देते हैं। हरी सब्जियों का नियमित सेवन हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद माना जाता है,
IANS
IANS