नई दिल्ली: आज के समय में सेहत और पोषण को लेकर लोगों में जागरूकता तेजी से बढ़ रही है। इसी के चलते एक लंबे समय से चली आ रही धारणा पर ध्यान देना जरूरी है कि प्रोटीन सिर्फ नॉनवेज डाइट से ही मिलता है। हालांकि, शाकाहारी भोजन में भी प्रोटीन के कई ऐसे खजाने छिपे हैं, जो न केवल शरीर को ताकत प्रदान करते हैं, बल्कि पाचन तंत्र, इम्यूनिटी और मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाते हैं।

संतुलित और सही तरीके से तैयार किए गए शाकाहारी आहार से भी शरीर की प्रोटीन की जरूरत पूरी की जा सकती है।

आयुर्वेद के अनुसार, भोजन वही उत्तम माना जाता है जो शरीर में आसानी से पच जाए और जीवन शक्ति बढ़ाए। इसी कारण दूध और उससे बने उत्पादों को आयुर्वेद में विशेष स्थान दिया गया है। पनीर इसका बेहतरीन उदाहरण है।

पनीर मांसपेशियों को मजबूती देता है और शरीर में शक्ति बढ़ाने में मदद करता है। इसमें मौजूद प्रोटीन शरीर की ताकत और मांसपेशियों की मरम्मत में योगदान करता है। वैज्ञानिक शोध भी पुष्टि करते हैं कि पनीर में मौजूद अमीनो एसिड मांसपेशियों की वृद्धि और सुधार में अहम भूमिका निभाते हैं।

दूध और दही भी प्रोटीन के अच्छे स्रोत हैं। दही पाचन को सुधारता है और आंतों को स्वस्थ बनाए रखता है, जिससे शरीर प्रोटीन को बेहतर तरीके से अवशोषित कर पाता है।

सोयाबीन को प्रोटीन का पावरहाउस माना जाता है। आयुर्वेद में इसे बल्य यानी शक्ति बढ़ाने वाला खाद्य पदार्थ कहा गया है। सोयाबीन में लगभग सभी आवश्यक अमीनो एसिड मौजूद होते हैं, जो शरीर को संपूर्ण पोषण प्रदान करते हैं। इसी कारण टोफू और सोया चंक्स आजकल फिटनेस और हेल्थ-कॉन्शियस लोगों की डाइट का हिस्सा बन गए हैं। ये न केवल मांसपेशियों को मजबूती देते हैं, बल्कि दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं और कोलेस्ट्रॉल को संतुलित रखने में मदद करते हैं।

भारतीय रसोई में दालें सदियों से भोजन का हिस्सा रही हैं। आयुर्वेद में दालों को सात्त्विक आहार माना गया है, जो शरीर को ऊर्जा देता है और मन को शांत बनाए रखता है। विज्ञान के अनुसार, जब दालों को चावल के साथ खाया जाता है, तो यह संपूर्ण प्रोटीन का रूप ले लेता है। यही कारण है कि दाल-चावल संयोजन बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए संतुलित, पौष्टिक और ताकतवर भोजन माना जाता है।

इस प्रकार, शाकाहारी भोजन में प्रोटीन के कई उत्कृष्ट स्रोत मौजूद हैं, जिन्हें अपने आहार में शामिल करके शरीर की ताकत, मांसपेशियों की वृद्धि और संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। सही मात्रा और संतुलित आहार से शाकाहारी भी अपने शरीर की सभी प्रोटीन आवश्यकताओं को पूरा कर सकते हैं। (With inputs from IANS)

IANSPaneer benefitsSoybean nutritionTofu protein

Topic:

शाकाहारियों के लिए प्रोटीन से भरपूर ये खाद्य पदार्थ कमजोरी दूर करने में बेहद प्रभावी हैं।
IANS
IANS