स्वीट कॉर्न स्वाद के साथ सेहत का भी खजाना, आहार में शामिल करने के मिलेंगे ये फायदे

नई दिल्ली: स्वीट कॉर्न स्वाद और पोषण का बेहतरीन संयोजन माना जाता है। यह न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होता है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद लाभकारी है। यही कारण है कि बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक सभी आयु वर्ग के लोग इसे पसंद करते हैं। आजकल स्वीट कॉर्न को हेल्दी स्नैक के रूप में भी तेजी से लोकप्रियता मिल रही है, क्योंकि यह शरीर को ऊर्जा देने के साथ कई जरूरी पोषक तत्व प्रदान करता है।
स्वीट कॉर्न में फाइबर, विटामिन सी, विटामिन बी कॉम्प्लेक्स, मैग्नीशियम, पोटैशियम, आयरन और शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यह कम कैलोरी और कम वसा वाला खाद्य पदार्थ है, जो इसे संतुलित आहार का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाता है। इसके नियमित सेवन से शरीर को आवश्यक ऊर्जा मिलती है और कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव करने में मदद मिलती है।
स्वीट कॉर्न को कई तरीकों से आहार में शामिल किया जा सकता है। इसे भुट्टे के रूप में भूनकर, सूप, सलाद, चाट या सब्जियों में मिलाकर खाया जा सकता है। आसानी से उपलब्ध होने के कारण यह रोजमर्रा की डाइट में शामिल करने के लिए एक अच्छा विकल्प है। हालांकि, विशेषज्ञ संतुलित मात्रा में सेवन की सलाह देते हैं, खासकर उन लोगों को जिन्हें ब्लड शुगर की समस्या है।
स्वीट कॉर्न का सबसे बड़ा लाभ इसमें मौजूद फाइबर है, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। इसका नियमित सेवन कब्ज की समस्या को कम करता है, आंतों को स्वस्थ रखता है और पेट से जुड़ी परेशानियों को दूर करने में मदद करता है। इसमें मौजूद रेजिस्टेंट स्टार्च धीरे-धीरे पचता है, जिससे ब्लड शुगर लेवल अचानक नहीं बढ़ता और इंसुलिन संतुलित रहता है।
वजन नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए भी स्वीट कॉर्न लाभकारी माना जाता है। यह लंबे समय तक पेट भरा होने का एहसास देता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती और अनावश्यक कैलोरी सेवन कम होता है। कम फैट और हाई फाइबर के कारण यह मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाकर वजन प्रबंधन में सहायता करता है।
दिल की सेहत के लिए भी स्वीट कॉर्न फायदेमंद है। इसमें मौजूद फाइबर खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है, जबकि पोटैशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में सहायक होता है। इससे हृदय रोग और स्ट्रोक के जोखिम को कम किया जा सकता है।
इसके अलावा, स्वीट कॉर्न में पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं, त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखते हैं तथा आंखों की रोशनी के लिए भी लाभकारी होते हैं। वहीं मैग्नीशियम और फास्फोरस हड्डियों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संतुलित मात्रा में स्वीट कॉर्न का सेवन स्वस्थ जीवनशैली को बनाए रखने में प्रभावी साबित हो सकता है। (With inputs from IANS)


