नई दिल्ली: सदियों से भारतीय घरों में पारंपरिक औषधियों का प्रयोग सामान्य और आकस्मिक स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार में किया जाता रहा है। ऐसी ही एक अद्भुत औषधि है अमृतधारा, जिसका उपयोग प्राचीन काल से घरों में होता आया है। यह औषधि सिरदर्द, अचानक घबराहट, मतली और अन्य छोटी-मोटी शारीरिक परेशानियों में राहत दिलाने के लिए जानी जाती है। हालांकि आजकल यह पारंपरिक औषधि धीरे-धीरे हमारे घरों से विलुप्त होती जा रही है।

अमृतधारा बहुत कम पदार्थों से बनाई जाती है, लेकिन इसके प्रभाव अत्यंत प्रभावशाली होते हैं। इसे बनाने में भीमसेनी कपूर, सत अजवाइन और सत पुदीना जैसे तीखे और सुगंधित तत्वों का उपयोग होता है। यह औषधि शरीर के कई छोटे-मोटे असुविधाओं में लाभकारी मानी जाती है। सिरदर्द, घबराहट, मतली या कमजोरी के दौरान शरीर अक्सर थका हुआ महसूस करता है, और कभी-कभी ब्लड प्रेशर भी गिर सकता है। ऐसे समय में हर उम्र के लोगों के लिए अमृतधारा उपयोगी साबित होती है।

अमृतधारा शरीर को ठंडक प्रदान करती है और सिरदर्द, माइग्रेन, अपच, मतली, बेचैनी, सर्दी-जुकाम जैसी समस्याओं में राहत देती है। इसे बनाने का तरीका भी सरल है। एक साफ कांच की शीशी में कपूर सत्व, अजवाइन सत्व और पुदीना सत्व मिलाकर शीशी को तुरंत बंद कर दें। हल्का हिलाने के बाद यह तीनों तत्व आपस में क्रिया करके एक शक्तिशाली औषधि का निर्माण करते हैं। ध्यान रहे कि इसे आंख, कान और नाक में न डालें।

अमृतधारा स्वाद में तीखा लेकिन सुगंधित होता है। इसे ज्यादा समय तक खुला न रखें क्योंकि यह वाष्पीकरणशील द्रव है और हवा के संपर्क में आते ही उड़ सकता है। सिरदर्द होने पर इसे सीधे माथे पर लगाएं। दांत दर्द में रुई की मदद से प्रभावित जगह पर लगाएं। पेट या अपच जैसी समस्याओं में थोड़ी मात्रा में इसका सेवन किया जा सकता है। मुंह की दुर्गंध दूर करने के लिए पानी में मिलाकर कुल्ला करना भी लाभकारी होता है।

हालांकि, गर्भवती महिलाएं और बच्चे इसका सेवन करने से पहले चिकित्सक की सलाह अवश्य लें। इसके अलावा अगर लगाने पर जलन का अनुभव हो तो इसका प्रयोग तुरंत बंद कर दें। इस तरह, अमृतधारा एक सरल, प्रभावशाली और प्राकृतिक औषधि है, जो कई छोटी स्वास्थ्य समस्याओं में राहत देने में सक्षम है। (With inputs from IANS)

IANSAmritdharaTraditional medicineNatural medicine

Topic:

अमृतधारा एक प्राकृतिक औषधि है जो सिरदर्द और माइग्रेन में तुरंत राहत देती है।
IANS
IANS