नई दिल्ली: विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मंगलवार को दिल्ली में स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर विशेष पहल की गई। दिल्ली स्टेट कैंसर हॉस्पिटल की डॉ. आकांक्षा ने बताया कि समय पर जांच कराना किसी भी बीमारी से बचाव का सबसे महत्वपूर्ण तरीका है।

उन्होंने आईएएनएस से कहा कि स्क्रीनिंग उन लोगों के लिए होती है जो पूरी तरह स्वस्थ दिखते हैं और जिनमें किसी बीमारी के लक्षण नहीं होते। लेकिन कई बार शरीर के अंदर बीमारी विकसित हो रही होती है और व्यक्ति को इसका पता नहीं चलता। खासकर ब्रेस्ट कैंसर जैसे मामलों में शुरुआती स्टेज में कोई लक्षण नजर नहीं आते।

वहीं, अस्पताल की एचओडी प्रज्ञा शुक्ला ने बताया कि इस साल विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम साक्ष्य-आधारित चिकित्सा और वैज्ञानिक उपचार पर जोर देती है। इसी के तहत दिल्ली पुलिस मुख्यालय में एक हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया, जहां सर्वाइकल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर और ओरल कैंसर की जांच की जा रही है।

डॉक्टर प्रियंका शर्मा ने भी स्क्रीनिंग के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जितनी जल्दी जांच होगी, उतनी ही जल्दी कैंसर का पता लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शुरुआती पहचान से इलाज जल्दी शुरू होता है, जिससे मरीज के ठीक होने की संभावना काफी बढ़ जाती है। साथ ही, समय पर इलाज होने से कैंसर दोबारा होने का खतरा भी कम हो जाता है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्थापना 7 अप्रैल 1948 को हुई थी और इसी दिन की याद में 1950 से हर साल विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर दुनिया भर में फ्री हेल्थ कैंप, वेबिनार, रक्तदान शिविर और फिटनेस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि लोग अपनी सेहत के प्रति जागरूक हो सकें।

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर लोगों को यह संदेश दिया गया कि समय-समय पर जांच कराना और अपनी सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, ताकि गंभीर बीमारियों से बचा जा सके। (With inputs from IANS)

IANSWorld Health Dayearly detectionNational Capital

Topic:

डॉ. आकांक्षा के अनुसार, कैंसर बिना किसी स्पष्ट लक्षण के भी हो सकता है, इसलिए समय पर जांच जरूरी है।
IANS
IANS