कान से बहने वाले तरल पदार्थ को न करें अनदेखा, इन उपायों से पाएं दर्द पर नियंत्रण

नई दिल्ली: हमारे शरीर में कान अन्य अंगों की तरह ही अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। यह केवल सुनने की प्रक्रिया में मदद नहीं करता, बल्कि शरीर के संतुलन को बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाता है। इसके बावजूद, कई लोग कानों की स्वच्छता और स्वास्थ्य को गंभीरता से नहीं लेते, जब तक कि उनमें दर्द या कोई स्पष्ट समस्या न हो।
कान से पीला, सफेद या पानी जैसा तरल पदार्थ निकलना अक्सर अनदेखा कर दिया जाता है, लेकिन यह सामान्य लक्षण नहीं बल्कि किसी संक्रमण का संकेत हो सकता है। कान से तरल पदार्थ निकलने के कई कारण हो सकते हैं। इनमें कान में बैक्टीरिया या वायरस का संक्रमण, कान के पर्दे में चोट, फंगल संक्रमण, कान में फुंसी बन जाना, या गले के संक्रमण शामिल हैं। कभी-कभी हल्का लाल पानी या दर्द की समस्या भी दिखाई देती है। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी कानों को स्थायी नुकसान पहुंचा सकती है।
आयुर्वेद में कान की सुरक्षा और संक्रमण रोकने के लिए कई उपाय बताए गए हैं। इनमें लहसुन का तेल एक प्रमुख उपाय है। लहसुन में प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं। लहसुन का तेल बनाने के लिए सरसों के तेल में लहसुन की कलियों को पकाकर छान लें। हल्का गुनगुना होने पर दो बूंदे कान में डालें। इससे कान का दर्द और तरल पदार्थ दोनों नियंत्रित होते हैं।
इसके अलावा, तुलसी का रस संक्रमण से बचाने में मदद करता है। इसे कान के भीतर नहीं बल्कि आसपास के हिस्से पर लगाना चाहिए। नीम का तेल भी एंटीफंगल और एंटीबैक्टीरियल गुणों से भरपूर होता है और इसे कान के बाहरी हिस्से पर लगाने से संक्रमण कम होता है।
कान में दर्द और संक्रमण होने पर हल्दी वाला दूध पीना भी लाभकारी माना गया है। यह न केवल दर्द को कम करता है, बल्कि रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाता है। आयुर्वेद में कान के संक्रमण को शरीर में कफ और पित्त दोष की अधिकता से जोड़ा गया है। यदि इन दोषों की मात्रा बढ़ जाए, तो कान में दर्द और तरल पदार्थ निकलने की संभावना भी बढ़ जाती है।
इस प्रकार, कानों के स्वास्थ्य के लिए स्वच्छता, समय पर उपचार और आयुर्वेदिक उपायों का नियमित पालन करना बेहद जरूरी है। (With inputs from IANS)


