आंखों में जलन और सूखापन? राहत पाने के लिए अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय

अगर आपकी आंखों में जलन होती है, वे लाल रहती हैं, या ऐसा महसूस होता है जैसे उनमें रेत के कण फंसे हों, तो आप 'ड्राई आई' (Dry Eye) की समस्या से जूझ रहे हो सकते हैं. यह स्थिति तब होती है जब आपकी पलकों के आसपास की छोटी ग्रंथियां आंखों को नम रखने के लिए पर्याप्त आंसू नहीं बना पातीं. स्वस्थ आंसू आंखों की सतह को चिकना रखते हैं, धूल-मिट्टी साफ करते हैं और संक्रमण से बचाते हैं. बढ़ती उम्र, कुछ दवाएं या बीमारियां इस प्राकृतिक नमी को कम कर सकती हैं.
ड्राई आई से राहत पाने के प्रभावी तरीके
गर्म सिकाई (Warm Compress)
आंसू तेल, पानी और बलगम (Mucus) से बने होते हैं, पलकों की ग्रंथियों में तेल जमने से आंखें सूखने लगती हैं. एक साफ कपड़े को गर्म पानी में भिगोकर निचोड़ लें और अपनी बंद आँखों पर कम से कम एक मिनट के लिए रखें. यह जमी हुई ग्रंथियों को खोलने और सूजन कम करने में मदद करता है.
पलकों की सफाई
पलकों और पलकों के बालों (Lashes) के आसपास की त्वचा को साफ रखने से सूजन कम होती है. माइल्ड सोप या बेबी शैम्पू की एक बूंद लेकर उंगलियों से पलकों के निचले हिस्से की धीरे-धीरे मालिश करें.
बार-बार पलकें झपकाएं (Blink More)
कंप्यूटर या मोबाइल का ज्यादा इस्तेमाल करने से हम पलकें झपकाना कम कर देते हैं. 20/20 का नियम अपनाएं, हर 20 मिनट में 20 सेकंड के लिए अपनी आंखें बंद करें. साथ ही, स्क्रीन को आँखों के लेवल से थोड़ा नीचे रखें ताकि आँसू जल्दी न सूखें.
ओमेगा-3 फैटी एसिड लें
मछली (जैसे साल्मन, टूना) और शाकाहारी विकल्प जैसे अखरोट, अलसी (Flaxseeds) और कैनोला तेल में ओमेगा-3 फैटी एसिड भरपूर होता है. रिसर्च के अनुसार, ये स्वस्थ फैट्स आँखों की तेल बनाने वाली ग्रंथियों को बेहतर काम करने में मदद करते हैं.
भरपूर पानी पिएं (Stay Hydrated)
पूरे शरीर की तरह आंखों को भी पानी की जरूरत होती है. दिन भर में कम से कम 8-10 गिलास पानी पिएं.खीरा और तरबूज जैसे पानी से भरपूर फल भी मददगार होते हैं.
सावधानियां और बचाव
- सनग्लासेस पहनें-बाहर निकलते समय 'रैपराउंड' चश्मे पहनें ताकि हवा से आंसू जल्दी न सूखें.
- ह्यूमिडिफायर का उपयोग-घर के अंदर की सूखी हवा में नमी लाने के लिए ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल करें.
- आई ड्रॉप्स का चुनाव-केवल डॉक्टर द्वारा सुझाई गई आई ड्रॉप्स का ही उपयोग करें. लालिमा कम करने वाली (Redness relief) ड्रॉप्स का ज्यादा इस्तेमाल आँखों को और अधिक परेशान कर सकता है.


