नई दिल्ली: अगर सुबह उठते ही आंखों के आसपास हल्की सूजन दिखाई दे, तो यह शरीर में किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। विशेष रूप से जब यह सूजन बार-बार हो या लंबे समय तक बनी रहे, तो इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।विज्ञान के मुताबिक, आंखों के आसपास की त्वचा बहुत पतली होती है, इसलिए शरीर में तरल पदार्थ के संतुलन में जरा सा बदलाव भी यहां जल्दी दिखाई देने लगता है। इसी वजह से कई बार किडनी से जुड़ी समस्याओं का असर सबसे पहले आंखों के आसपास सूजन के रूप में नजर आता है।

जब किडनी ठीक से काम नहीं कर पाती, तो शरीर में पानी और जरूरी तत्वों का संतुलन बिगड़ने लगता है, जिसका असर धीरे-धीरे बाहर दिखने लगता है।

किडनी का मुख्य काम खून को साफ करना और शरीर में तरल पदार्थ का संतुलन बनाए रखना होता है। लेकिन जब किडनी की कार्यक्षमता कम होने लगती है, तो खून में मौजूद जरूरी प्रोटीन धीरे-धीरे पेशाब के जरिए बाहर निकलने लगते हैं। ये प्रोटीन शरीर में तरल को संतुलित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। जब इनकी कमी होने लगती है, तो शरीर में पानी टिश्यूज में जमा होने लगता है, जिससे सूजन दिखाई देती है। ऐसे में यह समझना बेहद जरूरी है कि सुबह के समय यह सूजन ज्यादा क्यों नजर आती है।

दरअसल, जब हम रात में सोते हैं, तो हमारा शरीर एक ही स्थिति में लंबे समय तक रहता है। इस दौरान शरीर में मौजूद तरल पदार्थ नीचे की ओर जाने के बजाय चेहरे और आंखों के आसपास जमा हो सकता है। सुबह उठते ही यही जमा हुआ तरल सूजन के रूप में दिखाई देता है। जैसे-जैसे हम चलते-फिरते हैं, यह तरल शरीर के अन्य हिस्सों, खासकर पैरों की ओर खिसक जाता है और आंखों की सूजन कम होने लगती है।

हालांकि, हर बार आंखों की सूजन का मतलब किडनी की बीमारी नहीं होता। कई सामान्य कारण भी इसके पीछे हो सकते हैं, जैसे पर्याप्त नींद न लेना, एलर्जी होना, ज्यादा नमक का सेवन करना या शरीर में पानी की कमी होना। लेकिन, फर्क यह है कि ये कारण अस्थायी होते हैं और थोड़े समय में ठीक हो जाते हैं। जबकि अगर सूजन रोजाना बनी रहती है या इसके साथ कुछ और लक्षण भी दिखाई देने लगें, तो सतर्क हो जाना चाहिए।

किडनी से जुड़ी समस्या होने पर कुछ और संकेत भी दिख सकते हैं। जैसे पेशाब में झाग आना, टखनों या पैरों में सूजन, बार-बार थकान महसूस होना या शरीर में कमजोरी आना। कुछ लोगों में ब्लड शुगर या ब्लड प्रेशर भी असंतुलित रहने लगता है। ऐसे लक्षण अगर आंखों की सूजन के साथ दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से जांच करवाना जरूरी हो जाता है। (With inputs from IANS)

IANSMorning eye swellingPuffy eyesKidney health indicator

Topic:

लगातार आंखों की सूजन को हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है, यह किडनी की बीमारी का शुरुआती संकेत हो सकता है।
Kanchan Chaurasiya
Kanchan Chaurasiya

Kanchan Chaurasiya joined Medical Dialogues in 2025 as a Media and Marketing Coordinator. She holds a Bachelor's degree in Arts from Delhi University and has completed certifications in digital marketing. With a strong interest in health news, content creation, hospital updates, and emerging trends, Kanchan manages social media, news coverage, and public relations activities. She coordinates media outreach, creates press releases, promotes healthcare professionals and institutions, and supports health awareness campaigns to ensure accurate, engaging, and timely communication for the medical community and the public.