ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल या दिल से जुड़ी समस्या से हैं परेशान? इस पेड़ की छाल दिलाएगी मुक्ति

नई दिल्ली: अगर आप हाई ब्लड प्रेशर, बढ़े कोलेस्ट्रॉल या दिल से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं, तो आयुर्वेद में एक प्रभावी प्राकृतिक समाधान बताया गया है। अर्जुन का पेड़, जिसकी छाल को ‘हृदय-बल्य’ कहा जाता है, हृदय को मजबूती देने के लिए विशेष रूप से जाना जाता है।
अर्जुन का पेड़ भारत के अधिकतर हिस्सों में, खासकर नदियों और जल स्रोतों के आसपास पाया जाता है। इसकी छाल में मौजूद औषधीय गुण हृदय की मांसपेशियों को मजबूत करने, रक्त संचार को संतुलित रखने और धड़कन को नियमित करने में सहायक होते हैं।
अर्जुन की छाल का नियमित सेवन ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करता है और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को संतुलन में रखता है, जिससे हृदय रोगों का खतरा कम हो सकता है। आयुर्वेद में इसे दिल की सेहत के लिए सबसे भरोसेमंद औषधियों में गिना जाता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और एंटीबैक्टीरियल गुण शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने और रक्त को शुद्ध करने में भी सहायक हैं।
दिल के अलावा अर्जुन की छाल हड्डियों और घावों के लिए भी उपयोगी मानी जाती है। इसका लेप फ्रैक्चर, सूजन और घावों में राहत देता है। इसके सूजन-रोधी गुण दर्द और सूजन को कम करने में मदद करते हैं। दस्त, पेचिश और मूत्र संक्रमण जैसी समस्याओं में इसका काढ़ा लाभकारी माना गया है। वहीं खांसी, अस्थमा और सांस से जुड़ी परेशानियों में भी इसके सेवन से आराम मिल सकता है।
अर्जुन की छाल का सेवन काढ़े के रूप में, दूध में उबालकर या चूर्ण के तौर पर किया जा सकता है। सुबह-शाम इसका सेवन हृदय को मजबूत बनाने और संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर रखने में सहायक होता है। हालांकि, इसकी मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है, क्योंकि अधिक सेवन से ब्लड प्रेशर जरूरत से ज्यादा कम हो सकता है। गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को इसका उपयोग डॉक्टर की सलाह से ही करना चाहिए। (With inputs from IANS)


