सड़न, बदबू और मसूड़ों से खून आने की परेशानी को दूर करेगा प्राकृतिक टूथपेस्ट; जानें बनाने की आसान विधि

नई दिल्ली: मुंह की सफाई हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का सबसे जरूरी हिस्सा है, लेकिन इसे अक्सर नज़रअंदाज किया जाता है। अधिकांश लोग मानते हैं कि केवल दांत ब्रश करना ही पर्याप्त है, लेकिन यह पूरी तरह सही नहीं है। स्वस्थ मुंह के लिए जीभ की सफाई और ऑयल पुलिंग भी महत्वपूर्ण हैं।
आजकल लोग केमिकल से भरे कमर्शियल टूथपेस्ट पर निर्भर हो गए हैं, जिनमें लौंग और नमक जैसे तत्वों का प्रचार किया जाता है। हालांकि, ये टूथपेस्ट दांतों की पीलापन पूरी तरह नहीं हटाते और न ही गहराई से स्वच्छता और पोषण प्रदान कर पाते हैं।
आयुर्वेद में जामुन का उपयोग प्राकृतिक टूथपेस्ट बनाने के लिए सुझाया गया है, जिसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसके लिए पहले जामुन की गुठली और पत्तियों को धूप में सुखाकर बारीक पाउडर बना लें। फिर इसमें लौंग पाउडर, त्रिफला चूर्ण और सेंधा नमक मिलाएँ और कांच के डिब्बे में सुरक्षित रखें।
इस्तेमाल करने के लिए पाउडर को उंगली या ब्रश की मदद से दांत और मसूड़ों पर लगाएँ। हल्के हाथ से दो मिनट मसाज करें और फिर मुंह को अच्छी तरह से कुल्ला करें। नियमित उपयोग से कुछ हफ्तों में असर दिखने लगता है। यह पाउडर दांतों की प्राकृतिक चमक वापस लाता है और मसूड़ों में सूजन या खून आने की समस्या को कम करता है।
जामुन की गुठली में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो दांतों को संक्रमण और कीड़ों से बचाते हैं। पत्तियाँ दांतों के पीलापन को कम करती हैं। यदि दांतों में पायरिया या मसूड़ों की समस्या हो, तो यह पाउडर काफी प्रभावी है। लौंग दांतों को जड़ों से मजबूत करता है और सेंधा नमक संक्रमण को फैलने से रोकता है। यह प्राकृतिक टूथपेस्ट केमिकल मुक्त, सुरक्षित और प्रभावी उपाय है, जो दांतों और मसूड़ों दोनों को गहराई से पोषण देता है। (With inputs from IANS)


