20s और 30s में फर्टिलिटी, 'जवान और स्वस्थ' होना ही काफी नहीं, जानें क्या कहता है विज्ञान

अक्सर फर्टिलिटी क्लीनिक में डॉक्टर एक ही जुमला सुनते हैं, "लेकिन हम तो जवान और स्वस्थ हैं." 20 और 30 साल की उम्र के अधिकांश कपल्स को लगता है कि फर्टिलिटी एक सामान्य प्रक्रिया है जिसे वे जब चाहें तब हासिल कर सकते हैं. लेकिन बिरला फर्टिलिटी और IVF, रांची की विशेषज्ञ डॉ. विनीता कुमारी के अनुसार, युवा होने का मतलब यह कतई नहीं है कि आपकी प्रजनन क्षमता (Reproductive Health) की गारंटी है.
उम्र और फर्टिलिटी, समय का भ्रम
20 और 30 की शुरुआती उम्र में सबसे बड़ा मिथक यह है कि "अभी बहुत समय है." यह सच है कि इस उम्र में फर्टिलिटी बेहतर होती है, लेकिन यह 'शून्य जोखिम' वाली स्थिति नहीं है. 30 साल की उम्र के बाद अंडों की गुणवत्ता और संख्या धीरे-धीरे कम होने लगती है, और 35 के बाद यह गिरावट काफी तेज हो जाती है. हालांकि पुरुषों में गिरावट धीमी होती है, लेकिन उम्र और खराब जीवनशैली के कारण शुक्राणुओं (Sperm) की गुणवत्ता समय के साथ कम हो सकती है.
स्पर्म हेल्थ, केवल संख्या ही सब कुछ नहीं
अक्सर कपल्स केवल स्पर्म काउंट को ही सब कुछ मान लेते हैं, लेकिन डॉ. विनीता के अनुसार, रिपोर्ट सामान्य दिखने के बावजूद समस्या हो सकती है. शुक्राणु का तेजी से आगे बढ़ना (Rapid Motility) प्राकृतिक गर्भाधान के लिए अनिवार्य है.शुक्राणु का आकार सही न होने से भ्रूण के विकास में बाधा आ सकती है या गर्भपात का खतरा बढ़ सकता है. कभी-कभी सामान्य रिपोर्ट के बावजूद शुक्राणु के DNA में दरारें हो सकती हैं, जो फर्टिलाइजेशन को प्रभावित करती हैं.
अनदेखी बीमारियां और जीवनशैली का असर
क्लैमिडिया और गोनोरिया जैसे संक्रमण (STI) अक्सर बिना किसी लक्षण के महिलाओं की फैलोपियन ट्यूब को ब्लॉक कर देते हैं, जिससे बांझपन का खतरा बढ़ जाता है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, हर दिन 10 लाख से ज्यादा लोग नए संक्रमणों की चपेट में आते हैं. धूम्रपान, शराब, नींद की कमी, मोटापा और तनाव सीधे तौर पर हार्मोनल संतुलन और अंडों/शुक्रणुओं के स्वास्थ्य को बिगाड़ते हैं.
डॉक्टर से सलाह कब लें?
35 से कम उम्र के है और अगर आप एक साल से प्रयास कर रहे हैं और गर्भधारण नहीं हुआ तो आपको डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए. 35 से अधिक उम्र वाले लोग 6 महीने के असफल प्रयास के बाद डॉक्टर से मिलें. अगर पीरियड्स अनियमित हैं, असहनीय दर्द होता है, या पहले कोई सर्जरी हुई है, तो तुरंत सलाह लें.


