सुबह का नाश्ता दिन का सबसे अहम भोजन माना जाता है। यह न केवल शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है, बल्कि पूरे दिन की सेहत और सक्रियता पर भी असर डालता है। जल्दबाजी में गलत चीजें खाने की आदत लंबे समय में स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकती है।

नेशनल हेल्थ मिशन के मुताबिक, सुबह का संतुलित और पौष्टिक नाश्ता शरीर को आवश्यक विटामिन, खनिज और फाइबर उपलब्ध कराता है। इससे पूरे दिन ऊर्जा बनी रहती है और थकान महसूस नहीं होती। हालांकि, यदि नाश्ते में अधिक नमक, चीनी और वसा से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल किए जाएं, तो यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।

सुबह का नाश्ता हल्का लेकिन पोषण से भरपूर होना चाहिए, जिससे शरीर और दिमाग दोनों पूरे दिन सक्रिय रहें। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि सुबह जल्दी उठकर ताजा और घर का बना नाश्ता करना बेहतर होता है, जबकि बाहर के जंक फूड और पैकेट वाले खाद्य पदार्थों से बचना चाहिए।

विशेषज्ञों के अनुसार, सुबह के नाश्ते में कई आम गलतियां की जाती हैं। लोग अक्सर ज्यादा चीनी वाली चीजें जैसे चाय में अतिरिक्त चीनी, बिस्किट, केक या मिठाइयों का सेवन करते हैं। इसके अलावा तला-भुना नाश्ता जैसे समोसा, कचौड़ी, परांठा या पकौड़े, और ज्यादा नमक वाले स्नैक्स जैसे नमकीन, चिप्स या अचार का सेवन भी आम है। सबसे बड़ी गलती यह है कि कई लोग खाली पेट केवल चाय या कॉफी पीकर नाश्ता छोड़ देते हैं।

इन आदतों से धीरे-धीरे मोटापा, डायबिटीज, उच्च रक्तचाप और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए इनसे बचना जरूरी है। इसके लिए नाश्ते में दलिया, ओट्स, सूजी का हलवा और ड्राई फ्रूट्स शामिल किए जा सकते हैं। इसके साथ ही फल जैसे सेब, केला, संतरा, पपीता या मौसमी फल, अंकुरित अनाज जैसे मूंग, चना या मेथी के अंकुर, दही या फ्रूट योगर्ट, और पोहा या कम तेल वाली सब्जी के साथ 1-2 रोटी भी एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं।

With Inputs From IANS

IANSBreakfast MistakesHealth

Topic:

सुबह का नाश्ता दिन का सबसे जरूरी भोजन है, जो शरीर को ऊर्जा देता है और पूरे दिन की सेहत व एक्टिविटी को प्रभावित करता है
IANS
IANS