एनर्जी बढ़ाने का आसान तरीका, 3 चीजों से बनाएं ये आयुर्वेदिक ड्रिंक

आजकल की जीवनशैली में कई बार अच्छा भोजन करने के बावजूद भी शरीर में थकान और कमजोरी महसूस होती है, क्योंकि लिया गया आहार शरीर को पूरी तरह लाभ नहीं दे पाता।
थकान और कमजोरी के कारण शरीर और मन दोनों सुस्त महसूस करते हैं और किसी भी काम में मन नहीं लगता। आयुर्वेद में इसे दूर करने के कई उपाय बताए गए हैं। आज हम आपको एक आसान और असरदार नुस्खा बता रहे हैं, जो सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है।
इस प्राकृतिक नुस्खे में इस्तेमाल होने वाली चीजें आसानी से उपलब्ध हैं। इसके लिए सहजन की पत्तियां, अश्वगंधा पाउडर और दालचीनी पाउडर को पानी में उबाल लें। ध्यान रखें कि दालचीनी और अश्वगंधा की मात्रा सहजन से कम हो। इस मिश्रण को तब तक उबालें जब तक पानी आधा न रह जाए। इस काढ़े का सेवन सप्ताह में 2-3 बार, खासकर नाश्ते के समय करें। यह हर्बल टी की तरह काम करता है और शरीर को कई फायदे देता है।
सहजन की पत्तियां या पाउडर आयरन से भरपूर होते हैं। यदि शरीर में खून की कमी के कारण थकान होती है, तो सहजन रक्त की मात्रा बढ़ाने और उसे शुद्ध करने में मदद करता है। यह एक प्राकृतिक मल्टीविटामिन की तरह भी काम करता है और विटामिन की कमी को पूरा करता है। साथ ही यह बालों और त्वचा के लिए भी लाभकारी है।
अश्वगंधा आयुर्वेद की एक महत्वपूर्ण औषधि है, जो शरीर की स्टैमिना बढ़ाने और तनाव को कम करने में मदद करती है। यह कार्टिसोल हार्मोन को संतुलित करती है और मन को शांत रखने में भी सहायक होती है।
दालचीनी शरीर में रक्त संचार को बेहतर बनाती है और हार्मोन को संतुलित रखने में मदद करती है। यह शरीर की ऊर्जा बढ़ाने में भी सहायक है। मधुमेह से पीड़ित लोग भी इसका सीमित मात्रा में सेवन कर सकते हैं, लेकिन गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को इसका उपयोग करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
With Inputs From IANS


